25/02/26

अम्बाला शहर पहुंचे फिल्म निर्माता रॉक्सन वाटकर ने दिया धार्मिक सद्भाव का संदेश

अम्बाला शहर, 25 फरवरी (अन्‍नू): फिल्म जगत की जानी-मानी शख्सियत, अभिनेता और फिल्म निर्माता रॉक्सन वाटकर ने अम्बाला प्रवास के दौरान धार्मिक सद्भाव और मानवता का संदेश दिया। सेक्टर-10 स्थित भारतीय मसीह समाज के पूर्व प्रदेश सचिव संजीव चौधरी के निवास पर आयोजित एक विशेष बैठक में उन्होंने पादरियों और मसीह समाज के प्रतिनिधियों से संवाद किया। मुंबई के सोलापुर में 'श्री गुरुदेव गुरु दत्तात्रेय आश्रम' चलाने वाले रॉक्सन वाटकर ने स्पष्ट किया कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है, जहाँ संविधान के अनुसार हर व्यक्ति को अपनी आस्था व्यक्त करने का पूर्ण अधिकार है।


प्रसिद्ध अभिनेता देवानंद के शिष्य और आगामी फिल्म ‘ए वतन तेरे लिए’ के निर्माता वाटकर ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति में प्रेम और इंसानियत नहीं है, तो उसका धार्मिक होना केवल एक दिखावा है। उन्होंने स्वयं को कट्टर सनातनी बताते हुए कहा कि उन्होंने प्रभु यीशु मसीह के जीवन का गहरा अध्ययन किया है और उनके द्वारा संसार को दिए गए प्रेम के संदेश से वे बेहद प्रभावित हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे हरियाणा का दौरा कर मसीह समाज की समस्याओं और उन पर हो रहे कथित उत्पीड़न के बारे में विश्व हिंदू परिषद, आरएसएस और भाजपा के शीर्ष नेताओं को अवगत कराएंगे।


धर्म परिवर्तन के मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए रॉक्सन वाटकर ने कहा कि वे लालच या जबरन धर्म परिवर्तन के सख्त खिलाफ हैं और ऐसे मामलों में कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। हालांकि, उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि किसी बेगुनाह पर झूठे आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया जाता है, तो ऐसा करने वाले व्यक्ति के साथ-साथ संबंधित पुलिस अधिकारी भी उतने ही दोषी हैं। उन्होंने अपने आगामी धारावाहिक 'अध्यात्मिक भारत' के बारे में बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य देश की 'अनेकता में एकता' वाली असली तस्वीर पेश करना है।


इस अवसर पर संजीव चौधरी ने अपने 15 वर्षों के सेवाकाल का अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने कभी किसी का धर्म परिवर्तन नहीं कराया, बल्कि वे सेवा भाव से जुड़े हैं। वहीं, क्रिश्चियन फ्रंट के प्रदेश कन्वीनर डॉ. फिलिप डेविड ने स्पष्ट किया कि चर्चों में 'धर्म' नहीं बल्कि 'मन' परिवर्तन होता है। उन्होंने पादरियों पर दर्ज होने वाले झूठे मुकदमों की कड़ी निंदा की। इस बैठक में पास्टर सुनील, अमित, मदन, रविंदर, मनीष सहित कई मसीह नेता और प्रतिनिधि मौजूद रहे।

#AmbalaNews #RoxonWatkar #ReligiousHarmony #HumanityFirst #PunjabCrimeNews #BollywoodUpdate #SocialUnity #InterfaithDialogue

Previous

कैथल: परीक्षा देने जा रहे छात्र की सड़क हादसे में मौत, पुलिया से टकराई बाइक

Next

दिल्ली के उबर ड्राइवर की करनाल में संदिग्ध हत्या: सवारी लेकर आया था हरियाणा, नहर किनारे मिला शव