एड्स से डरकर नहीं, समझकर लड़ें - क्योंकि जागरूकता ही इस बीमारी को खत्म करने का सबसे बड़ा हथियार है: डॉ रोहित दत्त
जे कुमार, अम्बाला 1 दिसम्बर : विश्व एड्स दिवस के उपलक्ष्य में जी.एम.एन. कॉलेज, अम्बाला छावनी की यूथ रेड क्रॉस इकाई एवं जी.एन.एम कॉलेज ऑफ नर्सिंग के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य एड्स जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 200 छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए एड्स जागरूकता की शपथ ली तथा समाज में स्वस्थ और सुरक्षित जीवनशैली को अपनाने व बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रोहित दत्त के प्रेरणादायी संबोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि विश्व एड्स दिवस हमें यह स्मरण कराता है कि एचआईवी/एड्स केवल एक स्वास्थ्य समस्या नहीं, बल्कि सामाजिक संवेदना, जागरूकता और सामूहिक जिम्मेदारी का विषय है। उन्होंने आगे कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में आज भी लोग जानकारी के अभाव में इस बीमारी का सामना कर रहे हैं, ऐसे में शैक्षणिक संस्थानों की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है क्योंकि जागरूक युवा समाज के विचारों को बदलने में सक्षम होते हैं।
इस अवसर पर यूथ रेड क्रॉस इकाई के संयोजक डॉ. राकेश कुमार ने विशेष व्याख्यान प्रस्तुत किया। अपने व्याख्यान में उन्होंने एचआईवी/एड्स के कारणों, लक्षणों, संक्रमण के तरीकों, बचाव उपायों तथा समाज में व्यापक जागरूकता फैलाने की आवश्यकता पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में जी.एन.एम कॉलेज ऑफ नर्सिंग के सभी शिक्षक सक्रिय रूप से उपस्थित रहे और सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम कॉलेज प्रशासन, यूथ रेड क्रॉस टीम तथा नर्सिंग विभाग के सामूहिक प्रयासों से सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
#ambala #news #gmncollege #fight-aids #dr-rohit-dutt #understanding-not-fear