फतेहाबाद ANC सेल की बड़ी कामयाबी: 271 ग्राम हेरोइन तस्करी का मुख्य सप्लायर पंजाब से गिरफ्तार
फतेहाबाद, 4 जुलाई (अन्नू): फतेहाबाद पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल (ANC Cell) ने नशे के सौदागरों के खिलाफ एक बहुत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 271 ग्राम हेरोइन बरामदगी मामले के मुख्य सप्लायर (Main Supplier) को पंजाब से दबोच लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान पंजाब के जिला तरनतारन के गांव बरवाला निवासी मनजीत सिंह पुत्र सुरजीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय (कोर्ट) में पेश कर दिया है। इस मामले में एएनसी सेल दो आरोपियों को पहले ही सलाखों के पीछे पहुंचा चुकी है और अब मुख्य सप्लायर की गिरफ्तारी को एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
कबीर पार्क के पास 271 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा गया था प्रदीप
एएनसी सेल के प्रभारी निरीक्षक साधुराम ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि बीती 15 मार्च 2026 को एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम को एक पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए भूना के चंदन नगर स्थित कबीर पार्क के पास जाल बिछाया और वहां से भूना के वार्ड नंबर-14 (चंदन नगर) निवासी प्रदीप उर्फ देव पुत्र दलीप सिंह को रंगे हाथों काबू किया था।
पुलिस ने जब प्रदीप की कानूनी रूप से तलाशी ली, तो उसके कब्जे से 271 ग्राम हेरोइन और नशा तौलने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एक छोटा इलेक्ट्रॉनिक कांटा (वैट स्केल) बरामद हुआ था। इस बड़ी बरामदगी के बाद थाना भूना में अभियोग संख्या 58 (दिनांक 15.03.2026) के तहत एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 21सी, 27ए, 61 और 85 के अंतर्गत संगीन मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की गई थी।
पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पंजाब में दी दबिश
गिरफ्तारी के बाद जब रिमांड के दौरान आरोपी प्रदीप उर्फ देव से पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने इस काले कारोबार के मुख्य सूत्रधार का नाम उगल दिया। प्रदीप ने खुलासा किया कि बरामद की गई हेरोइन की यह बड़ी खेप उसे पंजाब के तरनतारन जिले के गांव बरवाला निवासी मनजीत सिंह ने आगे बाजार में बेचने और सप्लाई करने के लिए उपलब्ध करवाई थी।
आरोपी प्रदीप के इस इकबालिया बयान के बाद फतेहाबाद एएनसी सेल ने वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों (साइबर सेल की मदद और कॉल डिटेल्स) को खंगाला। पुख्ता सबूत हाथ लगते ही पुलिस टीम ने पंजाब के तरनतारन में दबिश देकर मुख्य सप्लायर मनजीत सिंह को धर दबोचा। पुलिस प्रभारी ने बताया कि मामले की गहनता से जांच अभी भी जारी है और इस अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य सफेदपोशों व मददगारों की भूमिका को भी बारीकी से खंगाला जा रही है ताकि पूरे सिंडिकेट को ध्वस्त किया जा सके।
#FatehabadNews #ANCCellAction #DrugSupplierArrested #PunjabToHaryanaDrugs #HeroinSeized #TarnTaranSmuggler #NDPSAct #BhunaNews #CrimeUpdateHaryana #BreakingNews #DanikKhabar
Previous
फतेहाबाद CIA की बड़ी कार्रवाई: कार में 9 कैन में भरकर ले जाई जा रही 540 लीटर अवैध शराब बरामद, 2 तस्कर गिरफ्तार
Next