03/04/26

फरीदाबाद: तेज रफ्तार बाइक ने बुजुर्ग को मारी टक्कर, अस्पताल पहुँचाकर चकमा देकर फरार हुआ आरोपी

फरीदाबाद, 3 अप्रैल (अन्‍नू):  फरीदाबाद के खेड़ी थाना अंतर्गत भारत कॉलोनी में रफ्तार का कहर देखने को मिला है, जहाँ एक अनियंत्रित मोटरसाइकिल ने सड़क पार कर रहे एक बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हैरान करने वाली बात यह रही कि आरोपी बाइक सवार घायल बुजुर्ग को अस्पताल तो लेकर पहुँचा, लेकिन वहां परिजनों को गुमराह कर मौके से रफूचक्कर हो गया।



परिजनों को ऑटो हादसे का दिया झांसा ओल्ड फरीदाबाद की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के निवासी प्रमोद कुमार ने बताया कि उनके पिता, उत्तर कुमार, भारत कॉलोनी की गली नंबर 2 में एक छोटी सी किराने की दुकान चलाते हैं। 31 मार्च को जब उनके पिता सड़क पार कर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद बाइक सवार ने चतुराई दिखाई और घायल बुजुर्ग को अस्पताल पहुँचाया। जब प्रमोद अस्पताल पहुँचे, तो बाइक सवार ने उनसे झूठ बोला कि एक ऑटो वाले ने उनके पिता को टक्कर मारी थी और वह केवल मानवता के नाते उन्हें यहाँ लेकर आया है। इतना कहकर आरोपी वहां से खिसक गया।



सीसीटीवी फुटेज ने खोली पोल जब परिजनों ने घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो सच्चाई सामने आ गई। फुटेज में स्पष्ट दिखा कि उसी बाइक सवार ने बुजुर्ग को टक्कर मारी थी जिसने उन्हें अस्पताल पहुँचाया था। इस धोखे के बाद पीड़ित परिवार ने तुरंत खेड़ी थाना पुलिस को मामले की शिकायत दी।



हालत गंभीर, पुलिस की कार्रवाई पर सवाल प्रमोद के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि उनके पिता के शरीर में कई जगह फ्रैक्चर हुए हैं और वह वर्तमान में आईसीयू (ICU) में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं। पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी उनकी पकड़ से बाहर है।

जल्द होगी गिरफ्तारी: पुलिस इस मामले में खेड़ी थाना प्रभारी देवेंद्र ने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है और बाइक के नंबर के आधार पर राइडर की पहचान की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की गहनता से तफ्तीश जारी है।



#FaridabadNews #RoadAccident #HitAndRun #HaryanaPolice #CCTVFootage #CrimeNews #FaridabadUpdate #RoadSafety #DanikKhabar

Previous

अजमेर को मिलेगा जाम से छुटकारा: राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने नितिन गडकरी से की मुलाकात

Next

अमरीकी सेना प्रमुख जबरन रिटायर्ड