जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़: हरियाणा के सोनीपत और दिल्ली में लगे थे 'पाकिस्तानी' कैमरे, फरीदाबाद से दबोचा गया जासूस
हरियाणा/फरीदाबाद, 23 मार्च (अन्नू): हरियाणा के फरीदाबाद से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ गाजियाबाद पुलिस ने देश विरोधी गतिविधियों में शामिल नौशाद अली उर्फ लालू को गिरफ्तार किया है। नौशाद पिछले तीन महीनों से फरीदाबाद के नचौली गांव स्थित एक पेट्रोल पंप पर पंचर बनाने की दुकान चला रहा था, लेकिन असल में वह पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाले एक बड़े नेटवर्क का हिस्सा था।
रेलवे स्टेशनों पर लगे थे 'पाकिस्तानी' कैमरे पुलिस जांच में जो खुलासा हुआ है वह बेहद चौंकाने वाला है। यह गैंग देश के महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों और सुरक्षा बलों के ठिकानों की रेकी करता था। गैंग का प्लान देशभर में 50 सोलर ऑपरेटेड कैमरे लगाने का था, जिनमें से दिल्ली और हरियाणा के सोनीपत रेलवे स्टेशन पर कैमरे लगा भी दिए गए थे। सबसे खतरनाक बात यह है कि इन कैमरों का सीधा 'एक्सेस' पाकिस्तान में बैठा हैंडलर कर रहा था, यानी वहां से भारत के संवेदनशील इलाकों की लाइव वीडियो स्ट्रीमिंग देखी जा रही थी। एक कैमरा लगाने के बदले आरोपियों को 10 से 15 हजार रुपये मिलते थे।
फोटो और वीडियो का था रेट कार्ड पकड़ा गया आरोपी नौशाद अली मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर का रहने वाला है। वह सुरक्षा बलों और रेलवे स्टेशनों के फोटो व वीडियो बनाकर व्हाट्सएप ग्रुप्स के जरिए पाकिस्तान भेजता था। सूत्रों के अनुसार, उसे एक फोटो भेजने के बदले 4 से 6 हजार रुपये दिए जाते थे। अब तक यह गैंग 450 से अधिक संवेदनशील फोटो और वीडियो सरहद पार भेज चुका है।
सादे कपड़ों में पहुंची पुलिस और ऐसे हुआ खुलासा 16 मार्च की शाम गाजियाबाद पुलिस सादे कपड़ों में नचौली स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंची। पुलिस ने शुरू में सामान्य पूछताछ की, जिससे नौशाद को भनक न लगे। जब पुलिस ने 'नौशाद अली' नाम के व्यक्ति के बारे में पूछा, तब उसकी पहचान उजागर हुई और उसे दबोच लिया गया। रविवार को जब पुलिस दोबारा जांच के लिए पहुंची, तब स्थानीय लोगों और पंप कर्मचारियों को पता चला कि जिसे वे मामूली पंचर बनाने वाला समझ रहे थे, उस पर देशद्रोह का गंभीर आरोप है।
गैंग का बड़ा नेटवर्क, 22 गिरफ्तार डीसीपी सिटी धवल जायसवाल के मुताबिक, इस मामले में मास्टरमाइंड सुहेल सहित अब तक 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सुहेल ने ही इन लोगों को व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर जासूसी के काम में लगाया था। फिलहाल यूपी एटीएस, दिल्ली पुलिस और हरियाणा पुलिस की संयुक्त टीमें पकड़े गए आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही हैं ताकि इस नेटवर्क की जड़ों तक पहुँचा जा सके।
#FaridabadNews #EspionageCase #PakistanSpying #NationalSecurity #HaryanaAlert #IntelligenceAgency #BreakingNews #SpyNetworkExposed #DanikKhabar