02/09/26

अम्बाला: Sector-8 के श्री कृष्ण कृपा गीता मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा शुरू; 51 महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर निकाली शोभायात्रा

अम्बाला, 2 सितंबर (अन्‍नू): अम्बाला शहर के सेक्टर-8 स्थित श्री कृष्ण कृपा गीता मंदिर में श्री कृष्ण कृपा सेवा समिति की ओर से श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। महामंडलेश्वर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज के आशीर्वाद से आयोजित इस कथा के पहले दिन गाजे-बाजे के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें 51 महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर सहभागिता की। शोभायात्रा सेक्टर-8 के विभिन्न मार्गों से होती हुई कथा स्थल पहुंची, जहां जगह-जगह श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया।

प्रसाद वितरण, दीप प्रज्ज्वलन और भागवत पूजन

समिति के प्रधान विनोद बंसल, अशोक सचदेवा, आरके शर्मा व राकेश भाटिया परिवार द्वारा शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई। मंदिर पहुंचने पर डॉ. स्वामी अनुभवानंद गिरि महाराज ने दीप प्रज्वलित कर कथा का विधिवत शुभारंभ किया। इसके बाद मुख्य यजमान अशोक चावला एवं सुरेंद्र जिंदल परिवार ने श्रीमद्भागवत जी का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

भागवत केवल ग्रंथ नहीं, जीवन को दिशा देने वाला मार्गदर्शक: गोविंद कृष्ण शास्त्री

वृंदावन से पधारे कथावाचक गोविंद कृष्ण शास्त्री ने पहले दिन भागवत महापुराण के महात्म्य का वर्णन करते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं है, बल्कि मानव जीवन को सही दिशा दिखाने वाला एक आध्यात्मिक मार्गदर्शक है। इसके श्रवण और मनन से मनुष्य के भीतर भक्ति, सद्भाव और सकारात्मक विचारों का संचार होता है। इस अवसर पर राजू चावला, जगदीश सचदेवा, हैप्पी चावला, कपिल अग्रवाल, रविन्द्र चोपड़ा सहित भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

#AmbalaNews #BhagwatKatha #AmbalaCity #HaryanaNews #SwamiGyananand #DanikKhabar #BreakingNews

Previous

हिसार: पुलिस का ज़िलेभर में विशेष पैदल गश्त अभियान; एसपी बोले- 'पुलिस-जन संवाद होगा मजबूत

Next

नारायणगढ़: राजकीय विद्यालय छोटी कोहड़ी में खंड स्तरीय अंडर-11 क्रीड़ा प्रतियोगिता आयोजित; नन्हे खिलाड़ियों ने दिखाया प्रतिभा का दम