16/10/25

प्रशासन एवं कृषि विभाग की मुस्तैदी एवं किसानों के सहयोग अभी तक आगजनी की कोई घटना नहीं - उप कृषि निदेशक

जे कुमार, अम्बाला 16 अक्तूबर - जिला में 2.33 लाख एकड़ में से करीब 1.24 लाख एकड़ की कटाई हो चुकी, 53 प्रतिशत कटाई के बाद अब तक आगजनी शुन्य है। प्रशासन एवं कृषि विभाग की टीमों का जिला अम्बाला में पराली जलाने की घटनाओं को शुन्य पर लाने का लक्ष्य है। प्रशासन एवं कृषि विभाग की मुस्तैदी एवं किसानों के सहयोग के चलते जिला अम्बाला में 14 अक्टूबर 2025 कोई भी आगजनी घटना नहीं हुई है। यह जानकारी उप कृषि निदेशक जसविंदर सैनी ने दी |


प्रशासन एवं कृषि विभाग द्वारा इस बार जिला के 499 गांवों में धान की पराली को जलाने से रोकने के लिये 639 नोडल अधिकारी नियुक्त किये गए है, जिसमें कृषि विभाग का कर्मचारी, पटवारी व ग्राम सचिव शामिल है। येलो जोन में 19 गाँव है जहाँ पिछले वर्ष 2 से अधिक व 5 से कम आगजनी की घटना हुई थी में 71 नोडल अधिकारी लगाए गए है और ये नोडल अधिकारी गांव-गांव जाकर किसानों की पराली जलाने पर कड़ी निगरानी रख रहे है व किसानों से पराली न जलाने की अपील कर रहे है।


उप कृषि निदेशक ने बताया है कि पराली जलाने वाले किसान की पोर्टल पर रेड एंट्री दर्ज की जाएगी जिस पर किसान दो साल तक किसान एमएसपी पर फसल नहीं बेच पाएगा, किसान के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज होगी और 5 से लेकर 30 हजार रूपये तक जुर्माना भी होगा । कृषि विभाग की ग्राम स्तरीय टीमें किसानों को बेलरों से पराली की गांठें बनवानें और सुपर मीडर वा रोटावेटर से अवशेषों को मिट्टी में मिलाने के लिए प्रेरित कर रही है तथा सरकार द्वारा फसल अवशेष प्रबंधन करने पर किसानों को 1200 रूपये प्रति एकड प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।


सहायक कृषि अभियंता सुभाष चंद्र के अनुसार येलो जोन वाले गांव में पराली न जलाने को लेकर निरंतर मुनादी करवाई जा रही है और विशेष कैंप लगाकर किसानों को जागरूक किया जा रहा है। जिला अम्बाला में उपलब्ध 70 वेलर (एक्स सीटू) व 2200 (इन सीटू) के कृषि यंत्र कार्य कर रहे है। केंद्रीय प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड से गौतम सोड़ी को भी अम्बाला जिले में पराली में आग न लगे, के लिए लगाया गया है जो अम्बाला जिले के लोगो से मिलकर जिले में पराली में आग न लगाने हेतु किसानों को प्रेरित कर रहे है |

#ambala #news #administration #agriculture-department

Previous

गुणवत्ता से समझौता करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

Next

सितंबर 2025 का राशन वितरण अब 20 अक्टूबर तक; छूटे हुए लाभार्थी जल्द उठाएं लाभ