हरियाणा में मौसम का दोहरा रंग: हिसार में पारा 35.5°C के पार, तो सोनीपत में घनी धुंध
हरियाण/मौसम, 07 मार्च (अन्नू): हरियाणा में मार्च की शुरुआत के साथ ही मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं, जहाँ एक तरफ सूरज के तीखे तेवर पसीने छुड़ा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ कुछ हिस्सों में कोहरे का साया मंडरा रहा है। प्रदेश में गर्मी का असर इस कदर बढ़ गया है कि हिसार, भिवानी और महेंद्रगढ़ जैसे शहरों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 35.5 डिग्री के साथ हिसार राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जबकि दिन का औसत तापमान सामान्य से करीब 7 डिग्री तक ऊपर बना हुआ है। दोपहर के समय चलने वाली शुष्क हवाओं और तेज धूप ने अभी से जेठ की गर्मी का अहसास कराना शुरू कर दिया है।
गर्मी के इस बढ़ते प्रभाव के बीच सोनीपत में शनिवार की सुबह एक हैरान करने वाला नजारा देखने को मिला, जहाँ अचानक छाए घने कोहरे ने पूरे शहर को अपनी आगोश में ले लिया। इस दौरान दृश्यता (विजिबिलिटी) शून्य तक पहुँच गई, जिसके चलते वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा और सड़कों पर यातायात की गति काफी धीमी हो गई। दिलचस्प बात यह है कि जहाँ प्रदेश के अन्य हिस्सों में रात का पारा 17 डिग्री से ऊपर बना हुआ है, वहीं सोनीपत में न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा।
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार कम ही हैं और आने वाले दिनों में तापमान में क्रमिक रूप से और बढ़ोतरी देखी जा सकती है। अंबाला, नारनौल, पलवल और यमुनानगर जैसे जिलों में भी रातें अब पहले के मुकाबले काफी गर्म महसूस की जा रही हैं, क्योंकि यहाँ न्यूनतम पारा सामान्य से लगभग 5 डिग्री अधिक चल रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि मार्च के शुरुआती दिनों में ही तापमान का इस स्तर पर पहुँचना असामान्य है, जो आने वाले हफ्तों में और भी कड़े मौसम का संकेत दे रहा है।
#HaryanaWeather #Heatwave #FogAlert #SonipatFog #HisarHeat #HaryanaNews #WeatherUpdate #ClimateChange #MarchHeat