आर्य कॉलेज में नशा मुक्ति कार्यशाला: 'नशा केवल व्यक्ति का नहीं, पूरे समाज का भविष्य नष्ट कर देता है' - डॉ. अंजु बाला
जे कुमार, अम्बाला 22 नवम्बर - आर्य कॉलेज, अंबाला छावनी में नशा मुक्ति अभियान के तहत कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे की हानिकारक प्रवृत्तियों से दूर रखना और समाज में एक स्वस्थ एवं जागरूक वातावरण का निर्माण करना था। कार्यक्रम की शुरूआत महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. (डॉ.) अंजु बाला के स्वागत भाषण से हुई।
उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज का भविष्य नष्ट कर देता है। युवाओं को चाहिए कि वे नशे के किसी भी रूप से दूर रहें और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें। कार्यक्रम को आगे बढ़ते हुए श्रीमती रंजू त्रेहन ने नशे के मानसिक प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि छोटी-छोटी आदत धीरे-धीरे गंभीर बन जाती है। उन्होंने वास्तविक जीवन के उदाहरण देकर विद्यार्थियों को संवेदनशील बनाया।
इसके पश्चात् डॉ. रेखा वासु ने नशा मुक्ति के उपायों, उपलब्ध परामर्श, सेवाओं और हेल्पलाइन नंबर की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशे से बड़ी कोई कैद नहीं और नशा छोड़ने से बड़ी कोई आजादी नहीं। इस विषय पर विद्यार्थियों को जागरुक करते हुए श्रीमती ममता भटनागर ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी शक्ति है और नशा इस शक्ति का सबसे बड़ा दुश्मन है, इसलिए सदैव नशे से दूरी बनाए रखें।
मिस जेसिका ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशे के दुष्परिणामों से अवगत करते हुए कहा कि जीवन ईश्वर का दिया अनमोल उपहार है। इसे नशे के हवाले मत करो। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने नशा विरोधी पोस्टर बनाएं तथा कविताओं के माध्यम से नशे के प्रति अपने विचार प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने प्राध्यापकों से प्रश्नोत्तरी के माध्यम से भी अपने जिज्ञासाओं का समाधान किया। इस अवसर स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
#ambala #News #aryacollege #addiction-workshop #drugs-destroy #entire-society-dr-anju-bala