09/12/25

जींद विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों के विकास कार्य जारी, डिप्टी स्पीकर ने की समीक्षा बैठक

जे कुमार, जींद 9 दिसम्बर : - हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिढ़ा ने कहा है कि जींद विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये की राशि खर्च की जा रही है और विकास कार्यों को निरंतर अमलीजामा पहनाया जा रहा है। उन्होंने स्थानीय रेस्ट हाउस में अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डिप्टी स्पीकर ने जोर देकर कहा कि "विकास कार्यों को लेकर मौजूदा राज्य सरकार के पास धन की कमी नहीं है।"

प्रमुख विकास परियोजनाओं का विवरण : डॉ. मिढ़ा ने जींद में चल रही और स्वीकृत महत्वपूर्ण परियोजनाओं की जानकारी दी | बड़ौदी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट: इसका निर्माण कार्य जोरों पर है और इस पर 185 करोड़ खर्च किए जा रहे हैं। बूस्टिंग स्टेशन: जींद शहर में 18 बूस्टिंग स्टेशन बनाए जाने हैं, जिनमें से 4 बूस्टिंग स्टेशन का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। क्लस्टर जलघर योजना: क्लस्टर योजना के तहत 5 गांवों—जाजवान, संगतपूरा, जलालपुर खुर्द, ईंटल कलां एवं ईंटल खुर्द में—नए जलघर बनाए जाएंगे और गलियों में पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इस पर 35 करोड़ खर्च होंगे, जिसके लिए सरकार से मंजूरी मिल चुकी है।

सीवरेज/पाइपलाइन सुदृढ़ीकरण: क्षेत्र में सीवरेज तथा पाइपलाइन व्यवस्था के और अधिक सुदृढ़ीकरण के लिए ₹17 करोड़ की राशि मंजूर करवाई गई है। सरकारी आवास: जींद में बनने वाले अधिकारियों के आवासीय मकानों के टेंडर जल्द होंगे, जिससे बेहतर आवासीय सुविधा मिलेगी।

अधिकारियों को दिए गए सख्त निर्देश : समीक्षा बैठक में डीसी मोहम्मद इमरान रजा, एसपी कुलदीप सिंह, एसडीएम होशियार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। डिप्टी स्पीकर ने निम्नलिखित निर्देश दिए | सड़क एवं सुंदरता: एचएचएआई (NHAI) के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे नेशनल हाईवे रोड़ों के ओवरब्रिज पर पेड़, फूल इत्यादि लगवाएं ताकि क्षेत्र की सुंदरता बढ़े। सभी हाईवों की मरम्मत का कार्य भी सुनिश्चित किया जाए।

कंडम भवन: स्वास्थ्य विभाग और लोक निर्माण विभाग को पीएचसी (PHC) और सीएचसी (CHC) जो कंडम होने की कगार पर हैं, उन्हें तुरंत कंडम करवाकर दोबारा एस्टीमेट बनाकर सरकार को भेजने के निर्देश दिए गए। बिजली समस्या: क्षेत्र में ₹40 करोड़ की परियोजनाओं के तहत बिजली संबंधित व्यवस्थाएं सुधारी जा रही हैं। जल्द ही बिजली समस्या को लेकर एक बड़ा मेगा कैंप आयोजित किया जाएगा।

पार्कों का रखरखाव: नगर परिषद के अधिकारियों को शहर के पार्कों की छोटी-छोटी समस्याओं को दुरुस्त करने को कहा गया। स्टेडियम की मरम्मत: जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी को एकलव्य स्टेडियम का रख-रखाव सुनिश्चित करने और आवश्यक चीजों को दुरुस्त करने के लिए तुरंत एस्टीमेट भेजने के निर्देश दिए गए। स्टेडियम में करोड़ों की लागत से सिंथैटिक ट्रैक बिछाया जा रहा है।

उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करने और किसी भी कार्य को एक-दूसरे पर न थोपने की हिदायत दी। सेक्टर 6 और 8 की सड़कों की मरम्मत के लिए क्रमशः 1.54 करोड़ और 2.16 करोड़ खर्च किए जा रहे हैं।

Previous

आर्य कॉलेज में विश्व एड्स दिवस पर शपथ एवं जागरूकता समारोह आयोजित, थीम रहा 'व्यवधान से उबरना'

Next

यमुनानगर: जगाधरी-पोंटा साहिब रोड पर युवती की सिर कटी लाश बरामद, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका