Delhi Corona Case: दिल्ली में कोरोना से 22 साल की लड़की की मौत; अब तक 4 लोगों ने गंवाई जान
नई दिल्ली, 02 जून (अभी): एक बार फिर दिल्ली में कोरोना ने डराना शुरू कर दिया है। संक्रमितों की संख्या के साथ-साथ मृतकों का आंकड़ा भी बढ़ रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार (2 जून) तक दिल्ली में सक्रिय कोरोना संक्रमितों की संख्या 483 तक पहुंच गई है। वहीं, आज एक 22 साल की लड़की की मौत हो गई जो कि टीबी से पीड़ित थी जांच में कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इस तरह से दिल्ली में कोरोना से अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है।
हालांकि, राहत की बात यह है कि इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) के विशेषज्ञों का कहना है कि मौजूदा स्थिति चिंताजनक नहीं है, लेकिन हर किसी को सतर्कता बरतने की जरूरत है। वहीं, रविवार की तुलना में सोमवार को नए मामले भी कम आए हैं। रविवार को दिल्ली में 61 नए मामले आए थे, जबकि सोमवार को सिर्फ 47 मामले ही आए हैं।
देश के मामलों में आई तेजी
आंकड़ों पर नजर डालें तो चिंता थोड़ी बढ़ सकती है। कुछ ही दिनों में सक्रिय मामलों में बढ़ोतरी हुई है। 22 मई को जहां देश में सिर्फ 257 सक्रिय मामले थे, वहीं 26 मई तक यह संख्या बढ़कर 1,010 हो गई, 31 मई को यह 3,395 के आंकड़े को छू गई और 1 जून को 3,758 तक पहुंच गए। जबकि, पिछले 24 घंटों के भीतर 203 नए मामले दर्ज किए गए हैं और 4 लोगों की मौत भी हुई है। इनमें दिल्ली, केरल, तमिलनाडु और महाराष्ट्र से एक-एक व्यक्ति शामिल है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, कोरोना के सबसे ज़्यादा सक्रिय मामले केरल (1,435) में हैं। इसके बाद महाराष्ट्र (506), दिल्ली (483), गुजरात (338), कर्नाटक (234), पश्चिम बंगाल (205), तमिलनाडु (185) और उत्तर प्रदेश (117) का नंबर आता है।