20/03/25

ट्राई द्वारा स्पैम कॉल्स पर नियंत्रण : संचार राज्य मंत्री डॉ. पेम्मासनी चंद्रशेखर

आरएस अनेजा, 20 मार्च नई दिल्ली

संचार राज्य मंत्री डॉ. पेम्मासनी चंद्रशेखर ने बताया कि भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने दूरसंचार वाणिज्यिक संचार ग्राहक वरीयता विनियम (टीसीसीसीपीआर), 2018 में संशोधन किया है।

इसमें अब कोई भी ग्राहक स्पैम/अवांछित वाणिज्यिक संचार (यूसीसी) के बारे में स्पैम प्राप्त होने के 7 दिनों के भीतर शिकायत कर सकता है, जबकि पहले इसके लिए 3 दिन की समय सीमा थी।

अपंजीकृत प्रेषकों से प्राप्त यूसीसी के विरुद्ध एक्सेस प्रदाताओं द्वारा कार्रवाई करने की समय-सीमा 30 दिन से घटाकर 5 दिन कर दी गई है।

यूसीसी भेजने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए उनके खिलाफ कार्रवाई करने के मानदंड को संशोधित कर और अधिक कठोर बना दिया गया है। कार्रवाई शुरू करने के लिए पहले के मानदंड 'पिछले 7 दिनों में प्रेषक के खिलाफ 10 शिकायतें होने' की तुलना में इसे संशोधित कर 'पिछले 10 दिनों में प्रेषक के खिलाफ 5 शिकायतें होने' कर दिया गया है।

ये संशोधन आधिकारिक राजपत्र में प्रकाशन की तारीख से तीस दिनों के बाद लागू होंगे, सिवाय विनियम 8, विनियम 17; विनियम 20 के उप-खंड (ए) और (बी) तथा विनियम 21 के उप-खंड (बी) के, जो आधिकारिक राजपत्र में प्रकाशन के साठ दिनों के बाद प्रभावी होंगे। इसके अलावा, ट्राई ने 13.08.2024 को अपंजीकृत प्रेषकों / अपंजीकृत टेलीमार्केटर्स (यूटीएम) के सभी दूरसंचार संसाधनों को डिस्कनेक्ट करने के निर्देश जारी किए, जिनका उपयोग स्पैम कॉल करने के लिए किया जा रहा था और ऐसे प्रेषकों को काली सूची में डाल दिया गया था।एक्सेस प्रदाताओं ने व्यापक कार्रवाइयां की हैं, जिसके कारण यूटीएम के खिलाफ शिकायतों में उल्लेखनीय कमी आई है, जो अगस्त 2024 में 1,89,419 से जनवरी 2025 में 1,34,821 हो गई है।

***

Previous

देश में 5जी कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए सरकार के बढ़ते कदम : संचार राज्य मंत्री डॉ. पेम्मासनी चंद्रशेखर

Next

कृषि पर भारत-जर्मनी के बीच 8वीं संयुक्त कार्य समूह बैठक आज हुई