22/01/26

सावधान! अम्बाला में तैनात पुलिसकर्मी से 25 लाख की साइबर ठगी

कुरुक्षेत्र, 22 जनवरी (अन्‍नू ): साइबर अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब कानून के रखवाले भी उनके निशाने पर हैं। ताजा मामला कुरुक्षेत्र के रहने वाले एक पुलिस जवान सोहन लाल के साथ सामने आया है, जो वर्तमान में अम्बाला जिले में कार्यरत हैं। ठगों ने फॉरेक्स ट्रेडिंग के जरिए भारी मुनाफे का झांसा देकर उनसे करीब 25.70 लाख रुपए की बड़ी रकम ठग ली। इस धोखाधड़ी की शुरुआत सोशल मीडिया के जरिए हुई, जहाँ सोहन लाल की फेसबुक पर निशा अग्रवाल नाम की एक महिला से जान-पहचान हुई थी।


फेसबुक पर दोस्ती होने के बाद बातचीत का सिलसिला वॉट्सऐप तक जा पहुँचा, जहाँ आरोपी महिला ने पुलिसकर्मी को फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश कर लाखों कमाने का लालच दिया। विश्वास जीतने के बाद ठगों ने सोहन लाल का एक फर्जी ट्रेडिंग अकाउंट खुलवाया। शुरुआत में उन्होंने 45 हजार और 80 हजार रुपए जैसी छोटी रकम निवेश की। जब आरोपियों ने उनके फर्जी वॉलेट में मुनाफा दिखाना शुरू किया, तो सोहन लाल उनके झांसे में पूरी तरह फंस गए और उन्होंने चेक व ऑनलाइन माध्यमों से लाखों रुपए ट्रांसफर करना शुरू कर दिया।



धोखाधड़ी का यह खेल यहीं नहीं रुका। ज्यादा मुनाफे की चाह में सोहन लाल ने 22 दिसंबर को 10 लाख रुपए और फिर दिसंबर के अंत तक अपनी पत्नी के खाते से भी 6 लाख रुपए निवेश कर दिए। जब उनके वॉलेट में कथित तौर पर 2 करोड़ रुपए का बैलेंस दिखने लगा, तो उन्होंने अपनी रकम निकालनी चाही। पैसे ट्रांसफर न होने पर जब उन्होंने संपर्क किया, तो ठगों ने टैक्स के नाम पर 55 लाख रुपए की और मांग की। पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने उनका अकाउंट डिलीट कर दिया और अपनी सोशल मीडिया आईडी व नंबर बंद कर लिए। फिलहाल पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।


#CyberCrime #AmbalaPolice #ForexTradingScam #OnlineFraud #StayAlert #SocialMediaScam #CyberSecurityIndia #HaryanaPolice #InvestmentFraud #MoneyLaundering #CyberSafety #FinancialFraud #FacebookScam #WhatsAppScam #PoliceNews #Kurukshetra #OnlineSafety #FraudAlert #CryptoScam #DigitalIndia #CrimeUpdate #Awareness #EconomicOffence

Previous

अंबाला: 400 साल पुराने ऐतिहासिक 'रानी का तालाब' का बदलेगा स्वरूप, लगभग 38 लाख से होगा सौंदर्यीकरण

Next

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आज और इस सप्ताह के लिए भारत का मौसम