24/08/26

अंबाला कैंट: लालकुर्ती बाजार में सांड का तांडव; बैग लेकर जा रही स्कूली छात्रा को हवा में उछालकर पटका, हालत गंभीर

अंबाला, 24 अगस्त (अन्‍नू): अंबाला कैंट के लालकुर्ती बाजार इलाके से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। सोमवार सुबह स्कूल जा रही एक मासूम छात्रा पर आवारा सांड ने अचानक हमला कर दिया। यह पूरी खौफनाक वारदात पास ही लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई।

सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि छात्रा बैग लेकर रास्ते से गुजर रही थी, तभी सड़क किनारे खड़े एक आक्रामक सांड ने पहले उसे टक्कर मारने की कोशिश की। पहली बार में सांड के सींग बैग में फंसकर निकल गए और छात्रा आगे बढ़ने लगी, लेकिन बेकाबू सांड ने दोबारा पीछे से हमला कर दिया। सांड ने छात्रा को अपने सींगों पर उठाकर करीब 5 फीट हवा में उछाला और जमीन पर पटक दिया।

डिवाइडर पर गिरकर बेसुध हुई छात्रा -अस्पताल में भर्ती : सांड के हमले के बाद छात्रा सीधे डिवाइडर से टकराई और वहीं बेहोश हो गई। घटना के तुरंत बाद स्थानीय राहगीरों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे संभाला और प्राथमिक उपचार के लिए अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। छात्रा के सिर और माथे पर गंभीर चोटें आई हैं।

  • पहले भी कर चुका है हमला: स्थानीय निवासी राजेश कुमार और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कैंटोनमेंट बोर्ड क्षेत्र में घूम रहा यह सांड पहले भी कई बुजुर्गों और राहगीरों पर हमला कर उन्हें घायल कर चुका है।

  • गोशाला भेजने की मांग: घटना से गुस्साए परिजनों और स्थानीय दुकानदारों ने प्रशासन से इलाके में घूम रहे बेसहारा गोवंशों और खूंखार सांडों को तुरंत पकड़कर गोशाला भेजने की मांग की है ताकि भविष्य में किसी की जान पर न बन आए।

#AmbalaNews #AmbalaCantt #StrayCattleAttacks #AmbalaCanttBoard #CCTVViral #HaryanaNews #DanikKhabar #BreakingNews

Previous

कुरुक्षेत्र: गांव बारवा में नवविवाहिता का शव पंखे से लटका मिला, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

Next

शुद्ध आहार–मिलावट पर वार अभियान, जयपुर में 300 किलो संदिग्ध पनीर नष्ट