शहजादपुर: बुटीक में घुसकर तोड़फोड़ और लूटपाट का मामला; यशपाल, आशु व सतीश समेत 50 लोगों पर एफआईआर
शहजादपुर, 19 अगस्त (अन्नू): साई मार्केट स्थित 'साई बुटीक' में हथियारों से लैस होकर तोड़फोड़ करने, मारपीट करने और जरूरी कागजात व नकदी लूटने के मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पीड़िता द्वारा पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत से न्याय की गुहार लगाए जाने के बाद शहजादपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यशपाल उर्फ बंटी, आशु और सतीश समेत 50 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पिस्तौल और गंडासी के बल पर बनाया बंधक, गल्ला और सीसीटीवी तोड़े
पीड़िता बबीता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पिछले 6-7 सालों से अपनी पुश्तैनी दुकान में बुटीक चला रही हैं। 16 अगस्त की दोपहर करीब 1:30 बजे आरोपी यशपाल उर्फ बंटी, आशु और सतीश अपने करीब 50 अन्य साथियों के साथ दुकान में जबरन घुस आए। हमलावरों के हाथों में डंडे, गंडासी, लोहे के पाइप और पिस्तौल थे। आरोपियों ने बुटीक में मौजूद लोगों को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया और विरोध करने पर मारपीट की। इसके बाद उन्होंने दुकान में तोड़फोड़ की, सीसीटीवी कैमरे तोड़े और गल्ले में रखी नकदी व जरूरी कागजात लूटकर फरार हो गए।
डायल-112 की सूचना पर भागे आरोपी, जल्द होगी गिरफ्तारी
वारदात के दौरान जब किसी राहगीर ने बाहर से पुलिस आपातकालीन सेवा (डायल-112) को फोन किया, तो आरोपी मौके से फरार हो गए। शहजादपुर थाना प्रभारी ओम चंद ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया गया है। पुलिस ने नामजद आरोपियों सहित अन्य अज्ञात हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और उनकी पहचान कर जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
#ShahzadpurNews #AmbalaCrime #HaryanaPolice #ShahzadpurPolice #DainikKhabar #HaryanaNews #CrimeNews
Previous
सीबीएसई शूटिंग चैंपियनशिप: डीपीएस के रणिंदर ने जीता गोल्ड, अंडर-14 में हासिल किया पहला स्थान
Next