19/07/26

झज्जर के गांव छारा में खूनी रंजिश: सिक्योरिटी ठेकेदार नीरज की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या, बीच-बचाव में भतीजा भी घायल

झज्जर, 19 जुलाई (अन्‍नू): हरियाणा के झज्जर जिले के गांव छारा में देर रात पुरानी रंजिश के चलते एक सनसनीखेज हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। गांव के ही दो युवकों ने छारा टोल प्लाजा पर सिक्योरिटी का ठेका लेने वाले ठेकेदार नीरज को बातचीत और पार्टी के बहाने बहराना रोड पर बुलाया और कहासुनी के बाद उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इस हमले में गंभीर रूप से घायल नीरज की अस्पताल में मौत हो गई, जबकि अपने चाचा को बचाने आया भतीजा मनजीत कंधे में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।

बातचीत के बहाने बुलाया और दाग दीं 4-5 गोलियां

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी युवकों ने नीरज को कोई जरूरी बात करने और पार्टी करने का झांसा देकर बहराना रोड पर बुलाया था। नीरज अपने भतीजे मनजीत के साथ तय स्थान पर पहुंचे थे। वहां शुरुआती बातचीत के दौरान ही पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों में विवाद अचानक बढ़ गया। आरोप है कि इसी बहस के बीच एक आरोपी ने अपने दूसरे साथी से पिस्तौल पकड़ी और नीरज पर निशाना साधते हुए एक के बाद एक करीब चार से पांच राउंड सीधे फायर झोंक दिए। गोलियां लगते ही नीरज लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़े। जब भतीजे मनजीत ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उसे भी गोली मार दी।

भतीजा रोहतक PGI में भर्ती, नीरज को डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। आनन-फानन में दोनों घायलों को तुरंत रोहतक स्थित पीजीआई (PGI) अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने जांच के बाद नीरज को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल भतीजे मनजीत को अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है और उसकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।

आसौदा थाना पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों की तलाश तेज

इस खूनी वारदात की सूचना मिलते ही आसौदा थाना पुलिस की टीम भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर वहां से साक्ष्य और कारतूसों के खोल बरामद किए हैं। पुलिस ने इस संबंध में हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक जांच में हत्या की वजह पुरानी आपसी रंजिश और विवाद सामने आ रहा है। हमलावरों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं जो उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

#JhajjarNews #ChharaMurderCase #CrimeInHaryana #JhajjarPolice #Shootout #RohtakPGI #AsaudhaStation #HaryanaCrime #BreakingNews #DanikKhabar

Previous

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस्थान साइबर क्राइम कन्ट्रोल सेंटर का किया अवलोकन

Next

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नए कीर्तिमान गढ़ रहा भारत : मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश