15/03/26

फरीदाबाद में खूनी रंजिश: इंस्टाग्राम रील पर दी थी धमकी, फिर होटल मालिक पर सरेआम चलाई गोली

फरीदाबाद, 15 मार्च (अन्‍नू): फरीदाबाद के सेक्टर 35 स्थित अशोका एनक्लेव में एक होटल संचालक पर जानलेवा हमले की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां बाइक सवार तीन बदमाशों ने होटल मालिक को निशाना बनाते हुए फायरिंग की, जिसमें वह बाल-बाल बच गया। गोली पीड़ित की गर्दन को छूती हुई निकल गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही सराय ख्वाजा थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी सहित तीनों हमलावरों को हिरासत में ले लिया है।



पुलिस को दी गई शिकायत में करनेरा गांव निवासी होटल संचालक प्रतीक ने बताया कि इस हमले के पीछे करीब डेढ़ साल पुरानी रंजिश है। दरअसल, साल 2024 के मध्य में करनाल के बहाड़ी गांव का रहने वाला रमन उसके होटल में रुकने आया था, जहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। उसी समय से रमन प्रतीक से बदला लेने की फिराक में था। हाल ही में जब प्रतीक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो (रील) साझा की, तो रमन ने उस पर कमेंट करते हुए उसे खत्म करने की धमकी भी दी थी।



वारदात शनिवार रात करीब 10 बजे की है, जब प्रतीक अपने होटल के बाहर टहल रहा था। इसी दौरान दो युवक पैदल उसके पास पहुंचे और अचानक पिस्तौल निकालकर फायरिंग कर दी। गोली प्रतीक की गर्दन के पास से होकर गुजरी। फायरिंग की आवाज सुनकर जैसे ही होटल का स्टाफ मदद के लिए बाहर दौड़ा, हमलावर कुछ ही दूरी पर खड़ी एक बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। हमलावरों का तीसरा साथी पहले से ही मोटरसाइकिल स्टार्ट कर उनका इंतजार कर रहा था।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि वारदात के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस और क्राइम ब्रांच बॉर्डर की टीम ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर घेराबंदी की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से मुख्य आरोपी रमन और उसके दो अन्य साथियों को दबोच लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि हमले में इस्तेमाल हथियार और मोटरसाइकिल को बरामद किया जा सके।

#FaridabadNews #CrimeUpdate #HaryanaPolice #FiringIncident #InstagramReel #CrimeBranch #Sector35Faridabad #HotelOwnerAttack #LawAndOrder #DanikKhabar

Previous

साइबर सिटी गुरुग्राम में आईफोन के लिए युवक पर जानलेवा हमला, 3 आरोपी गिरफ्तार

Next

शराब तस्करी का अंतरराज्यीय नेटवर्क बेनकाब, पंचकूला पुलिस ने चंडीमंदिर के पास पिकअप को घेरा