कुरुक्षेत्र में बड़ा हादसा: 10 दिन पहले खरीदी 16 लाख की ब्लैक थार नेशनल हाईवे पर बनी आग का गोला
कुरुक्षेत्र, 13 सितंबर (अभिकान्त) : हरियाणा के कुरुक्षेत्र में दिल्ली-जम्मू नेशनल हाईवे-44 पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां मात्र 10 दिन पहले खरीदी गई 16 लाख रुपये की नई ब्लैक महिंद्रा थार अचानक भीषण आग की चपेट में आकर जलकर राख हो गई। गनीमत यह रही कि समय रहते गाड़ी चालक सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे बड़ा जानी नुकसान टल गया।
अंबाला के बराड़ा निवासी एडवोकेट अंशिल अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने पिछले महीने 31 अगस्त को ही यह ब्लैक थार खरीदी थी। नई होने के कारण यह अभी महज 700 किलोमीटर ही चली थी। वह 11 सितंबर को बराड़ा से शाहाबाद होते हुए अंबाला कोर्ट में बार एसोसिएशन के चुनाव में वोट डालने जा रहे थे। रास्ते में अचानक थार झटके (मिसिंग) मारने लगी और डैशबोर्ड पर इंजन वार्निंग लाइट जल उठी। खराबी का अंदेशा होने पर उन्होंने गाड़ी को शाहाबाद में अमन होटल के पास सड़क किनारे रोक लिया।
जैसे ही वह गाड़ी से नीचे उतरकर इंजन चेक करने लगे, बोनट से धुआं उठने लगा और कुछ ही सेकंड में लपटें भड़क उठीं। हाईवे पर मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग बेकाबू हो गई। सूचना मिलने पर शाहाबाद और अंबाला से फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक थार का इंटीरियर, बॉडी और अन्य हिस्से पूरी तरह जल चुके थे और मौके पर केवल लोहे का ढांचा बचा था। फिलहाल शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खामी की आशंका जताई जा रही है, और असली वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
#KurukshetraNews #NH44 #MahindraThar #TharFire #AmbalaNews #Barara #Shahabad #BreakingNews #HaryanaNews #DanikKhabar
Previous
बरनाला में पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, गैंगस्टर डोनी बल ने ली जिम्मेदारी
Next