नहरों में नहाना जानलेवा: अभिभावक रखें बच्चों पर विशेष नजर, उल्लंघन करने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई
फतेहाबाद, 8 जुलाई (अन्नू): जिले और प्रदेश में हाल के दिनों में नहरों में डूबने से हुई दुखद घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) फतेहाबाद, निकिता खट्टर (IPS) ने आमजन के लिए एक विशेष जन-सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने अभिभावकों से पुरजोर अपील की है कि वे अपने बच्चों की दैनिक गतिविधियों पर विशेष नजर रखें और उन्हें नहरों, नदियों, तालाबों व गहरे जल स्रोतों पर जाने से रोकें, ताकि किसी भी अप्रिय हादसे से बचा जा सके।
गर्मी में लापरवाही पड़ सकती है भारी
एसपी निकिता खट्टर ने कहा कि भीषण गर्मी के मौसम में अक्सर बच्चे और युवा समूहों में नहाने या मौज-मस्ती के लिए नहरों पर पहुंच जाते हैं। पानी का तेज बहाव, अत्यधिक गहराई और तैराकी का पूरा अनुभव न होने के कारण हर साल कई दर्दनाक हादसे होते हैं। थोड़ी सी लापरवाही पूरे परिवार के लिए जीवनभर का दुख बन सकती है। अभिभावक यह सुनिश्चित करें कि उनके बच्चे उनकी बिना जानकारी के ऐसे खतरनाक स्थानों पर न जाएं।
बीएनएसएस की धारा 163 के तहत प्रतिबंध
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा जनहित और सुरक्षा के मद्देनजर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत जिले की नहरों में नहाने और मौज-मस्ती करने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया हुआ है। यह आदेश लोगों की जान बचाने के लिए लागू किए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कोई भी व्यक्ति इन आदेशों का उल्लंघन करता हुआ पाया गया, तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
ग्राम पंचायतों से मुनादी कराने की अपील
पुलिस प्रशासन ने जिले की सभी ग्राम पंचायतों से विशेष आग्रह किया है कि वे गांवों में मुनादी (ढिंढोरा) करवाकर लोगों को नहरों में नहाने और नहर के किनारों पर बैठकर शराब या अन्य नशा करने के खतरों के प्रति जागरूक करें। ग्राम पंचायतें युवाओं और अभिभावकों को प्रशासन के प्रतिबंधात्मक आदेशों की जानकारी दें, क्योंकि ग्रामीणों के सहयोग से ही ऐसे हादसों पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।
थाना प्रभारियों को नियमित निगरानी के निर्देश
एसपी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं कि वे गश्त के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों की नहरों, नालों और तालाबों पर विशेष निगरानी रखें। संवेदनशील जगहों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं। इसके अलावा, नहर किनारे गाड़ियां खड़ी करके शराब पीने वालों और प्रतिबंधित क्षेत्र में नहाने वालों के खिलाफ तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
जीवन अनमोल है: एसपी
एसपी निकिता खट्टर ने अंत में कहा कि जीवन बेहद अनमोल है। थोड़ी सी सावधानी कई परिवारों को उजड़ने से बचा सकती है। जिला प्रशासन के आदेशों का पालन करें और बच्चों को नहरों से दूर रखें। यदि कहीं भी नहर के आसपास कोई जोखिमपूर्ण गतिविधि दिखे, तो तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित करें।
#FatehabadPolice #SafetyAdvisory #OperationJeevanJyoti #NikitaKhattarIPS #BNSS163 #PublicSafety #HaryanaPolice #SaveLives #BreakingNews #DanikKhabar
Previous
प्रधानमंत्री ने यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल प्रंबानन मंदिर परिसर में दर्शन किए
Next