बठिंडा: दविंदर नत्त सुसाइड केस में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन बिल्डरों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी
पंजाब/बठिंडा, 31 मार्च (अन्नू): बठिंडा पुलिस ने पूर्व कांग्रेस नेता सुखराज नत्त के बेटे दविंदर नत्त की आत्महत्या के मामले में सख्त कदम उठाया है। पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी तीन बिल्डरों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी कर दिया है। इन बिल्डरों पर दविंदर नत्त के साथ करीब 4 से 5 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का गंभीर आरोप है। एसपी (सिटी) नरिंदर सिंह ने जानकारी दी कि आरोपियों को देश छोड़कर भागने से रोकने के लिए यह नोटिस जारी किया गया है और पुलिस की कई टीमें उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।
यह पूरी कार्रवाई दविंदर नत्त द्वारा जीवनलीला समाप्त करने से ठीक पहले सोशल मीडिया पर अपलोड किए गए एक वीडियो और बरामद सुसाइड नोट के आधार पर की गई है। दविंदर नत्त, जिनके पिता सुखराज नत्त मौड़ मंडी से विधानसभा चुनाव लड़ चुके थे, ने बठिंडा के गणपति एन्क्लेव स्थित अपने आवास पर अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली थी। सुसाइड से पहले जारी वीडियो में उन्होंने मोहाली के सुषमा बिल्डर्स के मालिक और उनके बेटों पर प्रताड़ना और धोखाधड़ी के आरोप लगाए थे। उन्होंने भावुक होकर यह भी बताया था कि वे इंसाफ के लिए मंत्रियों तक भी गए, लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हुई, जिससे परेशान होकर वे यह कदम उठा रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दविंदर की माँ के बयानों और साक्ष्यों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। एसपी नरिंदर सिंह ने स्पष्ट किया कि सुसाइड नोट में जिन नामों का जिक्र है, उनके खिलाफ कानूनी शिकंजा कसा जा रहा है। जाँच के दौरान जो भी नए तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल, इस हाई-प्रोफाइल मामले ने राजनीतिक और व्यापारिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है।
देखें क्या है पूरा मामला ↓
#BathindaNews #PunjabCrime #JusticeForDavinderNatt #PunjabPolice #SushmaBuilders #FraudCase #HighProfileSuicide #PunjabNews