अम्बाला: राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा माह के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, छात्रों को राह-वीर बनने के लिए किया गया प्रेरित
अंबाला 20, जनवरी (अभी)- राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा माह के अंतर्गत छात्रों को सडक़ दुर्घटनाओं के दौरान मानवता और जिम्मेदारी की भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करने हेतु आज अम्बाला के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल, प्रेम नगर, अंबाला शहर में राह-वीर (नेक इंसान) योजना पर आधारित एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला परिवहन अधिकारी (डीटीओ) अंबाला सुशील कुमार ने की। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि राह-वीर योजना भारत सरकार द्वारा वर्ष 2025 में अधिसूचित की गई है, जिसका मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सडक़ दुर्घटनाओं के दौरान गोल्डन आवर के भीतर पीडि़तों की सहायता के लिए आगे आने के लिए प्रोत्साहित करना है।
उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद पहला एक घंटा गोल्डन आवर होता है, जिसमें यदि घायल व्यक्ति को शीघ्र नजदीकी अस्पताल या ट्रॉमा सेंटर पहुंचा दिया जाए तो उसकी जान बचने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। इसी उद्देश्य से राह-वीर योजना के तहत जिला स्तरीय समिति द्वारा मूल्यांकन के उपरांत प्रत्येक राह-वीर को 25 हजार रूपयें की राशि पुरस्कार एवं प्रशंसा प्रमाण पत्र प्रदान किए जाने का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि पहले लोगों में यह डर रहता था कि दुर्घटना पीडि़त की सहायता करने पर उन्हें कानूनी कार्यवाही में उलझना पड़ सकता है, लेकिन अब यह भय पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है। राह-वीर को कानूनी कार्यवाही का हिस्सा तभी बनाया जाएगा जब वह स्वयं अपनी सहमति देगा। उन्होंने कहा कि सडक़ दुर्घटनाओं में घायल व्यक्ति की मदद करना हर व्यक्ति का दायित्व बनता है। निसंदेह समय पर उपचार मिलने से निश्चित रूप से घायल व्यक्ति की जान भी बचाई जा सकती है। जबकि अंबाला जिले में 112 सेवा के अंतर्गत 34 आपातकालीन वाहन 24 गुणा 7 कार्यरत हैं, फिर भी आम नागरिकों की त्वरित मदद अत्यंत महत्वपूर्ण है, 112 पर तुरंत सूचना देकर, घायल को नजदीकी चिकित्सा सुविधा तक पहुंचाकर या यदि कोई प्रशिक्षित हो तो प्राथमिक उपचार देकर एक राह-वीर दुर्घटना पीडि़तों की जान बचाने में निर्णायक भूमिका निभा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने राह-वीर बनने, आपात परिस्थितियों में निस्वार्थ भाव से सहायता करने तथा मानव जीवन की रक्षा कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
#RoadSafetyMonth #RahVeerScheme #GoodSamaritan #AmbalaNews #GoldenHour #SaveLives #HaryanaPolice #DistrictTransportOffice #HumanityFirst #RoadSafetyAwareness #AmbalaCity #EmergencyResponse #112Haryana #NationBuilding #SelflessService