17/04/26

सादगी की मिसाल: ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर खुद मंडी पहुंचे हरियाणा कृषि मंत्री के बेटे नेपाल सिंह राणा

कुरुक्षेत्र, 17 अप्रैल (अन्‍नू): कुरुक्षेत्र के पिहोवा की अनाज मंडी में उस वक्त हर कोई हैरान रह गया, जब हरियाणा प्रदेश के कृषि एवं पशुपालन मंत्री श्याम सिंह राणा के पुत्र नेपाल सिंह राणा एक आम किसान की तरह ट्रैक्टर-ट्रॉली चलाकर अपनी फसल बेचने पहुंचे। वीआईपी तामझाम से दूर, उन्होंने मंडी के प्रवेश द्वार पर लाइन में लगकर गेटपास लिया और अपनी गेहूं की फसल को बिक्री के लिए अंदर लेकर गए। 50 वर्षीय नेपाल सिंह ने बताया कि वह आज भी 100 एकड़ में खुद खेती करते हैं, जिसमें गेहूं, धान, सरसों, मक्का और आलू जैसी विभिन्न फसलों का उत्पादन शामिल है।



सरकार की नीतियों पर जताया भरोसा

मंडी पहुंचे नेपाल सिंह राणा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली सरकार की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का मुख्य लक्ष्य वर्ष 2047 तक किसानों को खुशहाल और आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने बताया कि बायोमीट्रिक और गेटपास जैसी नई प्रणालियां किसानों की सुविधा और पारदर्शिता के लिए ही शुरू की गई हैं, जिनका लाभ धीरे-धीरे जमीन पर दिखने लगा है। उनके अनुसार, सरकार न केवल 24 फसलों पर एमएसपी (MSP) दे रही है, बल्कि खेतों के रास्तों को पक्का करने और निर्बाध बिजली आपूर्ति जैसे मूलभूत ढांचों पर भी काम कर रही है।



प्राकृतिक खेती और आय बढ़ाने पर जोर

नेपाल सिंह ने किसानों से बातचीत के दौरान प्राकृतिक खेती को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में विभिन्न योजनाओं को अमलीजामा पहना रही है। आधुनिक तकनीकों और पारंपरिक खेती के मेल से ही किसान आर्थिक रूप से सुदृढ़ हो सकते हैं। एक मंत्री पुत्र होने के बावजूद जमीन से जुड़े रहकर खेती करने के उनके इस अंदाज की मंडी में मौजूद अन्य किसानों और आढ़तियों ने खूब प्रशंसा की।



#PehowaNews #FarmerLife #HaryanaPolitics #ShyamSinghRana #AgricultureNews #MandiUpdate #KisanShakti #HaryanaGovernment #DanikKhabar #DanikKhabarKurukshetra

Previous

आज 17 अप्रैल का इतिहास

Next

अंबाला: पेट्रोल पंप पर संदिग्ध बॉक्स छोड़ भागा कार सवार, रेलवे ड्यूटी लिखी कार ने मचाई सनसनी, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉयड ने संभाला मोर्चा