अमृतसर: 2 किलो हेरोइन के साथ रंगे हाथों पकड़े गए SHO, कोर्ट ने भेजा पुलिस रिमांड पर
अमृतसर, 28 अप्रैल (अन्नू): अमृतसर पुलिस महकमे में उस समय हड़कंप मच गया जब थाना भिंडी सैदां के SHO शीशपाल सिंह को 2 किलो हेरोइन के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि SHO ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के बजाय खुद ही ड्रग्स माफिया की भूमिका निभा ली। इस शर्मनाक घटना के बाद SSP सोहेल मीर ने तुरंत प्रभाव से आरोपी को सस्पेंड कर दिया है।
जब्त करने के बजाय खुद दबा ली हेरोइन
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि कुछ दिन पहले सीमा पार से ड्रोन के जरिए हेरोइन की एक बड़ी खेप आई थी। SHO शीशपाल सिंह ने मौके पर पहुँचकर इस खेप को अपने कब्जे में तो ले लिया, लेकिन इसे सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज करने या जब्त दिखाने के बजाय, उन्होंने इसे खुद ही रख लिया। सूत्रों के अनुसार, SHO ने खेप का कुछ हिस्सा अपने पास छुपा लिया और बाकी को खुर्द-बुर्द कर दिया। यह थाना वही है जहाँ हाल ही में 30 मार्च को ग्रेनेड अटैक की घटना भी हुई थी, जिससे इस पूरे मामले की संवेदनशीलता और अधिक बढ़ गई है।
विभागीय जांच शुरू, रिमांड पर आरोपी
उच्चाधिकारियों को जैसे ही SHO की इस संदिग्ध गतिविधियों की भनक लगी, तुरंत जांच शुरू की गई। जांच के दौरान यह स्पष्ट हो गया कि शीशपाल सिंह ने न केवल नियमों का गंभीर उल्लंघन किया, बल्कि विभाग की साख को भी धूमिल किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को उसे अजनाला कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ से कोर्ट ने उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
बड़े नेटवर्क के खुलासे की उम्मीद
पुलिस अब रिमांड के दौरान SHO से गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि इस ड्रग्स नेटवर्क के पीछे कई और बड़े नाम शामिल हो सकते हैं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और सच्चाई सामने लाने के लिए हर संभव कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
#AmritsarNews #PunjabPolice #DrugSeizure #HeroinSmuggling #SHOArested #CrimeReport #KhakiDefamed #PoliceAction #DanikKhabarr
Previous
मध्यप्रदेश में श्रम स्टार रेटिंग पहल को मिल रही व्यापक स्वीकृति
Next