अमृतसर में ड्रग माफिया पर चला पीला पंजा: तस्कर की अवैध संपत्ति ज़मींदोज़
जे कुमार अमृतसर, 18 मार्च 2026: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के 'नशा मुक्त पंजाब' अभियान के तहत अमृतसर पुलिस और नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात ड्रग तस्कर की अवैध संपत्ति को ढहा दिया है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में बटाला रोड स्थित सुभाष कॉलोनी में यह कार्रवाई की गई, जहाँ नशा तस्करी की काली कमाई से बनाए गए लगभग 80 वर्ग गज के अवैध ढांचे को निगम के बुलडोजर ने नेस्तनाबूद कर दिया।
गिराई गई संपत्ति मुख्तार सिंह (निवासी मुस्तफाबाद) की थी, जिसके खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करों के खिलाफ 'ज़ीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि ड्रग मनी से खड़ी की गई किसी भी प्रॉपर्टी को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे ड्रग्स और गैंग क्राइम की सूचना पुलिस के साथ साझा करें; जानकारी देने वालों की पहचान गुप्त रखी जाएगी और बड़ी सूचना पर 10 लाख रुपये तक का इनाम भी दिया जा सकता है।
आंकड़ों के अनुसार, "ड्रग्स के खिलाफ जंग" मुहिम के तहत 1 मार्च 2025 से 16 मार्च 2026 तक अमृतसर पुलिस ने रिकॉर्ड 1877 मामले दर्ज कर 3321 तस्करों को सलाखों के पीछे भेजा है। इस दौरान 280 किलो से अधिक हेरोइन, अफीम, कोकीन और करोड़ों रुपये मूल्य के नशीले कैप्सूल व इंजेक्शन ज़ब्त किए गए हैं। साथ ही, तस्करी में इस्तेमाल होने वाली 136 गाड़ियां भी ज़ब्त की गई हैं। पुलिस का यह अभियान आने वाले दिनों में और तेज़ होगा।
#AmritsarPolice #DrugFreePunjab #ActionAgainstDrugs #BulldozerAction #PunjabGovernment #NDPSAct #CrimeUpdateAmritsar #DrugsWar PunjabNews2026 #AntiDrugCampaign