अंबाला में मतदाता पुनरीक्षण: एन्यूमरेशन फार्म जमा कराने के लिए सिर्फ 4 दिन शेष, 14 जुलाई तक बीएलओ के पास जमा कराना अनिवार्य

अंबाला, 11 जुलाई (अन्‍नू): विशेष गहन पुनर्निरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत अंबाला जिले के मतदाताओं के लिए अपने एन्यूमरेशन फार्म भरकर जमा कराने का अब बेहद सीमित समय बचा है। चुनाव कार्यालय द्वारा निर्धारित समयावधि के अनुसार, सभी मतदाताओं के पास अपने फार्म जमा कराने के लिए अब महज चार दिनों का वक्त शेष है। आगामी 14 जुलाई 2026 तक सभी मतदाताओं को अपने भरे हुए फार्म संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के पास अनिवार्य रूप से जमा करवाने होंगे, ताकि चुनाव कार्यालय समय रहते इन्हें डिजिटलाइज करने की आगामी प्रक्रिया को पूरा कर सके।

72 प्रतिशत मतदाताओं के फार्म हो चुके हैं डिजिटलाइज:

अंबाला जिले में चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत कुल 8 लाख 89 हजार 328 मतदाताओं को अपने एन्यूमरेशन फार्म भरने थे। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, जिला प्रशासन की मुस्तैदी के चलते अब तक इनमें से 72 प्रतिशत मतदाताओं के फार्म सफलतापूर्वक डिजिटलाइज किए जा चुके हैं। हालांकि, अभी भी 28 प्रतिशत ऐसे मतदाता बचे हैं जिनके फार्मों का डिजिटलाइजेशन होना बाकी है। चुनाव अधिकारियों के अनुसार, लगभग 6.42 लाख मतदाताओं के फार्म को जल्द से जल्द सिस्टम में अपडेट (डिजिटलाइज) करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

बीएलओ को मिले सख्त निर्देश; घर-घर बांटे जा रहे फार्म:

नगराधीश एवं उपनिवार्चन अधिकारी अभिषेक गर्ग ने अभियान की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि जिला प्रशासन इस महत्वपूर्ण कार्य को समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। प्रशासन की ओर से बीएलओ को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, जिसके तहत बीएलओ लगातार फील्ड में एक्टिव हैं और घर-घर जाकर मतदाताओं को एन्यूमरेशन फार्म उपलब्ध करवा रहे हैं।

इसके साथ ही फील्ड से फॉर्म्स को तेजी से एकत्रित कर उनके डिजिटलाइजेशन का काम युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। उपनिवार्चन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी बीएलओ को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्र के बचे हुए सभी फार्मों को जल्द से जल्द हर हाल में पूरा करवाएं ताकि कोई भी मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रह सके।

#AmbalaNews #VoterListHaryana #SIRCampaign #ElectionDepartment #AmbalaAdmin #HaryanaNews #DainikKhabar

Previous

ईमानदारी की मिसाल: 7 वर्षीय सिद्धार्थ जाखल ने पेश की अनुकरणीय ईमानदारी, फतेहाबाद पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर ने किया सम्मानित

Next

मारकंडा नदी उफान पर: मानसून की पहली ही बारिश ने खोली प्रशासन के दावों की पोल, कुरुक्षेत्र का कठवा गांव बना टापू, हजारों एकड़ फसल डूबी