अंबाला: रिटायर्ड महिला को 'डिजिटल अरेस्ट' कर 15 लाख की ठगी, आतंकी कनेक्शन का डर दिखाकर लूटी जीवन भर की पूंजी
हरियाणा/अंबाला, 28 फरवरी (अन्नू ): हरियाणा के अंबाला में डिजिटल अरेस्ट और साइबर ठगी का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ जालसाजों ने हुडा (HUDA) विभाग से बेलदार के पद से सेवानिवृत्त हुई 61 वर्षीय महिला को अपना निशाना बनाया। ठगों ने एटीएस (ATS) अधिकारी बनकर वीडियो कॉल की और दावा किया कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पकड़े गए आतंकी अफजल खान के पास महिला का आधार कार्ड मिला है। ठगों ने आरोप लगाया कि महिला ने अपना बैंक खाता आतंकियों को बेच दिया है, जिसमें 70 लाख रुपये का संदिग्ध लेनदेन हुआ है।
पीड़ित सुमन को पूरी तरह डराने के लिए अपराधियों ने व्हाट्सएप पर सुप्रीम कोर्ट और एनआईए (NIA) के नाम से जाली गिरफ्तारी वारंट और संपत्ति जब्ती के आदेश भेजे। उन्होंने महिला को 'डिजिटल अरेस्ट' की धमकी दी और राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देते हुए किसी को भी इस बारे में न बताने का दबाव बनाया। कई दिनों तक मानसिक प्रताड़ना झेलने के बाद, डरी हुई महिला ने ठगों के झांसे में आकर अपने पीएनबी खाते से 15 लाख रुपये आरटीजीएस (RTGS) के जरिए ट्रांसफर कर दिए। यह राशि उन्हें रिटायरमेंट के बाद मिली थी, जिसे ठगों ने वेरिफिकेशन के नाम पर हड़प लिया।
अंबाला साइबर क्राइम पुलिस ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 127(3) (गलत तरीके से बंधक बनाना), धारा 318(4) (धोखाधड़ी), धारा 319 (पहचान बदलकर छल करना), धारा 336(3) (जाली दस्तावेजों का उपयोग), धारा 338 (जालसाजी), धारा 340 (दस्तावेजों की कूटरचना) और धारा 61(2) (आपराधिक साजिश) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब उन मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की डिटेल खंगाल रही है, जहाँ यह पैसा ट्रांसफर हुआ है।
#AmbalaNews #CyberCrime #DigitalArrest #BNSSections #FraudAlert #HaryanaPolice #CyberSafeIndia #StayAlert