24/10/25

अंबाला रेल मंडल ने पार्किंग और बूम बेरियर का टेंडर 40% घटाकर नई एजेंसी को दिया, यात्रियों को मिलेगी राहत

जे कुमार, अम्बाला 24 अक्तूबर - अंबाला। अंबाला रेल मंडल प्रशासन ने रेलवे स्टेशन पर बूम बेरियर और पार्किंग व्यवस्था को लेकर बड़ा फैसला लिया है। मंडल ने पूर्व एजेंसी की तुलना में 40 प्रतिशत कम दर पर नया टेंडर जारी करते हुए नई एजेंसी को जिम्मेदारी सौंपी है। इसके साथ ही स्टेशन परिसर में पार्किंग और पिक एंड ड्रॉप की नई दरें भी तय कर दी गई हैं, जिससे यात्रियों को पहले की अपेक्षा राहत मिलेगी।

नई दरों के अनुसार अब स्टेशन पर एक घंटे के लिए कार पार्किंग या पिक एंड ड्रॉप की सुविधा का शुल्क 200 रुपये रहेगा, जबकि पहले इसके लिए यात्रियों को 500 रुपये तक चुकाने पड़ते थे। रेल प्रशासन के अनुसार यह बदलाव यात्रियों की सुविधा और पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए किया गया है।

दोपहिया वाहनों के लिए भी नई दरें निर्धारित की गई हैं। अब टू-व्हीलर की पार्किंग के 2 घंटे तक 10 रुपये, 2 से 6 घंटे के लिए 15 रुपये, 6 से 12 घंटे के लिए 20 रुपये और 12 से 24 घंटे तक 25 रुपये शुल्क देना होगा। वहीं, चार पहिया वाहनों (कार) के लिए 2 घंटे तक 30 रुपये, 2 से 6 घंटे के लिए 50 रुपये, 6 से 12 घंटे के लिए 70 रुपये और 12 से 24 घंटे तक 120 रुपये तय किए गए हैं।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि नई एजेंसी के आने से पार्किंग प्रबंधन में सुधार होगा और यात्रियों को अव्यवस्था से राहत मिलेगी। स्टेशन पर डिजिटल टिकटिंग और सीसीटीवी निगरानी के माध्यम से सिस्टम को अधिक पारदर्शी बनाया जा रहा है।

यात्रियों ने भी नई दरों का स्वागत किया है और कहा कि अब पार्किंग की सुविधा पहले से अधिक सुलभ और वाजिब दरों पर मिलेगी। रेलवे प्रशासन का कहना है कि भविष्य में भी यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर समय-समय पर सुधार किए जाते रहेंगे।

#ambala #railwaystation #news #

Previous

राष्ट्रीय पोषण माह 2025 में राजस्थान को मिला दूसरा स्थान

Next

"राष्ट्र के लिए विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास शिक्षा के मंदिरों में ही संभव है"