17/09/25

नगर परिषद अम्बाला द्वारा स्वच्छ उत्सव – स्वच्छता ही सेवा 2025 के तहत चलाया स्वच्छता अभियान

जे कुमार, अम्बाला 17 सितम्बर - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर नगर परिषद अम्बाला द्वारा स्वच्छ उत्सव – स्वच्छता ही सेवा 2025 कार्यक्रम के तहत एक विशेष सफाई अभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम गांधी मैदान के साथ लगते पॉइंट पर आयोजित हुआ, जिसमें स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को समाज तक पहुँचाने का संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर एसडीएम अम्बाला छावनी विनेश कुमार, नगर परिषद की चेयरमैन स्वर्ण कौर, वाइस चेयरमैन ललता प्रसाद, वार्ड पार्षद तथा महिला एवं बाल विकास विभाग (अर्बन) की अधिकारी सुमन मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लगभग 100 आंगनवाड़ी वर्कर्स और जीएमएन कॉलेज के एनएसएस के छात्रों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और नगर परिषद टीम के साथ मिलकर सफाई अभियान को सफल बनाया।

स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाते हुए इस अवसर पर वार्ड नंबर 26 को जीरो वेस्ट वार्ड घोषित किया गया, जबकि नगर परिषद कार्यालय को जीरो वेस्ट ऑफिस के रूप में चुना गया। यह कदम अम्बाला को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

कार्यक्रम के समापन पर तुलसी के पौधे वितरित किए गए ताकि नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा सके। इसके साथ ही एनएसएस छात्रों को उनके योगदान के लिए प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए नगर परिषद अम्बाला के कार्यकारी अधिकारी देवेंद्र नरवाल ने बताया कि नगर परिषद लगातार शहर को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ती है और लोग सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित होते हैं।

प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर आयोजित यह स्वच्छता अभियान अम्बाला नगर परिषद की प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जो स्वच्छ और हरित भारत की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

#ambala #municipalcouncil #launched #cleanliness #swachhutsavswachhataseva2025

Previous

विशेष कार्यक्रम : पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को समर्पित विशेष अभियान

Next

अम्बाला छावनी में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी जन्मदिन