अंबाला नगर निगम चुनाव की तैयारी: वार्ड 1 से 20 की प्रारंभिक मतदाता सूची जारी, 7 मार्च तक दर्ज कराएं आपत्तियां
अंबाला, 01, मार्च (अन्नू): अंबाला के उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत नगर निगम अंबाला के सभी 20 वार्डों की प्रारंभिक मतदाता सूची के प्रकाशन की घोषणा कर दी है। मतदाता अब अपने संबंधित वार्ड के लिए निर्धारित 'मतदाता सूचना एवं संग्रह केंद्र' (VICC) पर जाकर अपना नाम चेक कर सकते हैं। इसके साथ ही प्रशासन ने डिजिटल माध्यम का उपयोग करते हुए इन सूचियों को जिला प्रशासन (ambala.gov.in) और नगर निगम (mcambala.gov.in) की आधिकारिक वेबसाइटों पर भी उपलब्ध करा दिया है।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि यदि किसी नागरिक को मतदाता सूची के विवरणों पर कोई आपत्ति है या वे कोई संशोधन चाहते हैं, तो वे 28 फरवरी से 7 मार्च के बीच अपने वार्ड के निर्धारित वीआईसीसी (VICC) केंद्र पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। इन केंद्रों पर रिवाइजिंग अथॉरिटी और सहायक स्टाफ की तैनाती की गई है, जो दावों और आपत्तियों को स्वीकार करेंगे। प्रशासन ने पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम के संयुक्त आयुक्त को इस पूरी प्रक्रिया का नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्राप्त आपत्तियों का निपटान 12 मार्च तक किया जाएगा। यदि कोई मतदाता समाधान से संतुष्ट नहीं होता है, तो वह 16 मार्च तक उपायुक्त कार्यालय में अपील कर सकता है, जिसका अंतिम फैसला 19 मार्च तक लिया जाएगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन (Final Publication) 27 मार्च को किया जाएगा, जिसके बाद इसे दोबारा वेबसाइट्स पर अपडेट कर दिया जाएगा।
प्रमुख वार्डों के लिए निर्धारित केंद्र (VICC):
प्रशासन ने वार्डवार केंद्रों की सूची जारी की है, जिनमें प्रमुख रूप से राजकीय मिडिल स्कूल देवी नगर (वार्ड 1), सुल्तानपुर स्कूल (वार्ड 2), धूलकोट पावर स्टेशन (वार्ड 3), बलदेव नगर स्कूल (वार्ड 4), नगर निगम कार्यालय (वार्ड 6), कस्तूरबा गांधी स्कूल (वार्ड 7), एसए जैन कॉलेज (वार्ड 9), सेक्टर-1 कम्युनिटी सेंटर (वार्ड 12), प्रेमनगर सामुदायिक भवन (वार्ड 14), उपायुक्त कार्यालय (वार्ड 17) और जलबेड़ा रोड स्थित सूर्या स्कूल (वार्ड 20) शामिल हैं।
#AmbalaNews #MunicipalCorporation #VoterList #HaryanaElection #AmbalaCity #DigitalIndia #PublicNotice #ElectionUpdate