07/04/26

अम्बाला: जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक ने दी राहत भरी खबर; गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सामान्य, अफवाहों पर न दें ध्यान

जे कुमार अम्बाला, 7 अप्रैल 2026: जिले में पिछले कुछ दिनों से गैस सिलेंडरों की किल्लत को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लगाते हुए जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (DFSC) निशांत राठी ने स्पष्ट किया है कि अम्बाला में एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। उन्होंने उपभोक्ताओं को आश्वस्त किया कि मांग के अनुरूप पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, इसलिए किसी भी प्रकार की घबराहट या अफवाहों में आने की आवश्यकता नहीं है।

अवैध उपयोग पर बड़ी कार्रवाई; 163 सिलेंडर जब्त: डीएफएससी ने बताया कि विभाग की टीमें फील्ड में निरंतर सक्रिय हैं और गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग को रोकने के लिए व्यापक छापेमारी अभियान चला रही हैं। इस कड़ी में अम्बाला शहर, छावनी, साहा, मुलाना, बराड़ा, शहजादपुर और नारायणगढ़ सहित विभिन्न क्षेत्रों के ढाबों और दुकानों पर कार्रवाई करते हुए अब तक 163 सिलेंडर जब्त किए गए हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

उपभोक्ताओं के लिए कंट्रोल रूम जारी: एलपीजी से संबंधित किसी भी शिकायत या अनियमितता की जानकारी देने के लिए प्रशासन ने जिला स्तर पर एक समर्पित कंट्रोल रूम स्थापित किया है। उपभोक्ता दूरभाष नंबर 0171-2982868 पर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। जिले में वर्तमान में 24 गैस एजेंसियां सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं, जो प्रतिदिन लगभग 8500 से 9000 सिलेंडर की होम डिलीवरी सुनिश्चित कर रही हैं।

बुकिंग के नियम: विभागीय जानकारी के अनुसार, उपभोक्ता शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के अंतराल के बाद अपनी अगली गैस बुकिंग करवा सकते हैं। निशांत राठी ने दोहराया कि स्टॉक की कोई कमी नहीं है और वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाए रखने के लिए हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।

#AmbalaNews #LPGSupplyUpdate #NishantRathiDFSC #GasCylinderStock #HaryanaFoodSupply #ConsumerAwareness #AmbalaUpdate #RaidOnIllegalGas #HomeDeliveryService #LPGHelpline #AmbalaAdministration #CookingGasStatus #BreakingNewsAmbala

Previous

नारायणगढ़: सीआईए की बड़ी कार्रवाई; प्लास्टिक दाने की आड़ में ट्रक से 120 किलो चूरापोस्त बरामद, आरोपी गिरफ्तार

Next

दैनिक खबर : आज 07 अप्रैल, 2026 के प्रातः 10 बजे के ताज़ा समाचार