अम्बाला: समाधान शिविर में उमड़ी भीड़; नगराधीश ने परिवार पहचान पत्र और राशन कार्ड संबंधी शिकायतों के तुरंत निपटान के दिए निर्देश
जे कुमार अम्बाला, 30 मार्च 2026: जिलावासियों की समस्याओं का त्वरित और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने के लिए आज उपायुक्त कार्यालय के सभागार में 'समाधान शिविर' का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता करते हुए नगराधीश (सीटीएम) अभिषेक गर्ग ने स्पष्ट किया कि आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटान करना प्रशासन का मुख्य ध्येय है। इस मौके पर उनके साथ एसीयूटी राहुल कनवरिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
फैमिली आईडी और राशन कार्ड की समस्याओं का रहा बोलबाला: शिविर में पहुंचे अधिकांश नागरिकों ने परिवार पहचान पत्र (PPP) और राशन कार्ड से जुड़ी विसंगतियों को लेकर अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। गांव सौंटा निवासी हरपिंदर सिंह और भानोखेड़ी की रेखा ने फैमिली आईडी में आय कम करवाने व राशन कार्ड पुनः बनवाने की मांग रखी। वहीं, गांव उगाडा के कृष्ण लाल ने भी इंकम वेरिफिकेशन और राशन संबंधी समस्या अधिकारियों के समक्ष रखी। नगराधीश ने इन सभी शिकायतों को क्रमवार सुनते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को रिकॉर्ड चेक कर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनकल्याणकारी योजनाओं और बुनियादी सुविधाओं पर जोर: समस्याओं के दायरे में केवल कागजी दस्तावेज ही नहीं, बल्कि बुनियादी सुविधाएं भी शामिल रहीं। गांव हुमायुपुर के जोगिंद्र सिंह ने खेत के पास रास्ता बनवाने और जनसूआ की कान्ता रानी व साहा निवासी संदीप कुमार ने कच्चे मकान को पक्का बनवाने (प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत) को लेकर गुहार लगाई। नगराधीश अभिषेक गर्ग ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे न केवल शिकायतों का समाधान करें, बल्कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाएं।
सोमवार और वीरवार को सुबह 10 बजे लगते हैं शिविर: प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि आमजन की सुविधा के लिए प्रत्येक सोमवार और वीरवार को सुबह 10:00 से 12:00 बजे तक जिला स्तर पर उपायुक्त कार्यालय और उपमंडल स्तर पर एसडीएम कार्यालयों में समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं। आज के शिविर में पुलिस इंस्पेक्टर राकेश मणि, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग से मनोज कालिया, लोक निर्माण विभाग से सिद्धार्थ और समाज कल्याण विभाग से रितु सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
#AmbalaNews #SamadhanShivir #HaryanaAdministration #FamilyID #ParivarPehchanPatra #PublicGrievance #AmbalaDC #RationCardUpdate #CitizenService #HaryanaPolice #SocialWelfare