अंबाला: राशन कार्ड धारकों के लिए बड़ी खबर, 15 मार्च तक ई-केवाईसी कराना अनिवार्य, वरना रुक सकता है राशन
अंबाला, 07 मार्च (अन्नू): अंबाला जिले के सभी राशन कार्ड धारकों के लिए जिला खाद्य एवं पूर्ति विभाग ने महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। भारत सरकार के आदेशों के अनुसार, जिले के शत-प्रतिशत पी.डी.एस. (PDS) लाभार्थियों के लिए ई-केवाईसी (e-KYC) प्रक्रिया को पूरा करना अनिवार्य कर दिया गया है। जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक ने स्पष्ट किया है कि बी.पी.एल. (BPL) और ए.ए.वाई. (AAY) राशन कार्डों में दर्ज प्रत्येक सदस्य को अपना ई-केवाईसी वेरिफिकेशन करवाना होगा। इसके लिए लाभार्थी को अपने नजदीकी राशन डिपो पर जाकर पोस (POS) मशीन पर अंगूठा लगाकर अपनी पहचान सत्यापित करनी होगी।
प्रशासन ने सभी कार्ड धारकों से अपील की है कि वे आगामी 15 मार्च 2026 से पहले इस प्रक्रिया को हर हाल में पूरा कर लें। ई-केवाईसी करवाने का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ वास्तविक लाभार्थियों तक बिना किसी बाधा के पहुँच सके। समय सीमा के भीतर वेरिफिकेशन कराने वाले सदस्य ही भविष्य में सरकारी राशन और अन्य संबंधित योजनाओं का लाभ निरंतर प्राप्त कर सकेंगे।
विभाग ने कड़े शब्दों में चेतावनी भी दी है कि जो लाभार्थी निर्धारित तिथि (15 मार्च) तक अपना ई-केवाईसी नहीं करवाएंगे, उनका राशन भविष्य में रोका जा सकता है। विभाग के अनुसार, यदि ई-केवाईसी न होने के कारण किसी सदस्य या कार्ड धारक की राशन आपूर्ति बाधित होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी स्वयं लाभार्थी की होगी। इसलिए, किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए जिले के सभी पात्र नागरिक जल्द से जल्द अपने संबंधित डिपो धारक से संपर्क कर इस प्रक्रिया को पूरा करें।
#AmbalaNews #RationCard #eKYC #HaryanaNews #PDS #BPLCard #FoodAndSupplies #AmbalaUpdate #GovernmentSchemes #PublicNotice #DanikKhabar