28/04/26

अंबाला: छात्र संघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर एबीवीपी का प्रदर्शन, सात शिक्षण संस्थानों में सौंपा ज्ञापन

अंबाला,  28 अप्रैल (अन्‍नू): अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने हरियाणा के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव फिर से शुरू करने की अपनी मांग को और अधिक आक्रामक कर दिया है। इसी कड़ी में, परिषद की विभिन्न टोलियों ने अंबाला के सात प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों में कॉलेज प्रशासन के माध्यम से शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं का तर्क है कि छात्र संघ चुनाव लोकतंत्र की पहली पाठशाला होते हैं, जो युवाओं में नेतृत्व के गुण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं।


इन संस्थानों में दी दस्तक


एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने अंबाला के डीएवी कॉलेज, एसए जैन कॉलेज, आर्य कॉलेज, एसडी कॉलेज, एमडीएसडी कॉलेज, जीएमएन कॉलेज और राजकीय कन्या महाविद्यालय में पहुंचकर प्रशासन के समक्ष अपनी बात रखी। जिला संयोजक दीपक और नगर मंत्री दीपक ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में 1996 से ही चुनाव प्रक्रिया लगभग बंद है। हालांकि 2018 में अप्रत्यक्ष रूप से चुनाव कराए गए थे, लेकिन उसके बाद से यह प्रक्रिया पूरी तरह ठप पड़ी है, जिसे फिर से बहाल किया जाना अनिवार्य है।



लिंगदोह समिति की सिफारिशों का हवाला और चेतावनी


परिषद ने सरकार से मांग की है कि लिंगदोह समिति की सिफारिशों का पालन करते हुए पारदर्शी तरीके से छात्र संघ चुनाव कराए जाएं। प्रदर्शनकारी छात्रों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि राज्य सरकार ने जल्द ही इस संबंध में कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो आने वाले दिनों में छात्र आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान योगेश, संतोष, मंजीत, राम्या, वंशिका, निखिल और भव्या समेत बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।


#ABVP #StudentUnionElection #HaryanaEducation #AmbalaNews #Democracy #StudentLeadership #CampusVoice #DanikKhabar #HaryanaStudents #YouthPower #EducationDepartment

Previous

हैदराबाद: NRI को शादी के जाल में फंसाकर 9.35 करोड़ की ठगी; मैट्रिमोनी साइट के जरिए बनाया शिकार

Next

शम्भू रेलवे ट्रैक पर जोरदार धमाका: पटरी क्षतिग्रस्त, मौके पर मिला एक अज्ञात शव