ऊर्जा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव ने समाधान शिविरों में लंबित शिकायतों के निपटान को लेकर दिए सख्त दिशा-निर्देश
जे कुमार, अम्बाला 14 नवम्बर - ऊर्जा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव ए.के. सिंह ने आज चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समाधान शिविरों में प्राप्त हो रही शिकायतों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी शिकायत को लंबित न रहने दें और प्राथमिकता आधार पर उसका निपटान सुनिश्चित करें।
वीसी की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने समाधान शिविरों में प्राप्त होने वाली शिकायतों, उनकी प्रकृति, विभागवार लंबित मामलों तथा निपटान की प्रगति का विस्तृत विवरण लिया। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर जनता और प्रशासन के बीच विश्वास की एक मजबूत कड़ी हैं, इसलिए शिकायतों का समयबद्ध समाधान बेहद जरूरी है। उन्होंने विभागाध्यक्षों को कड़े शब्दों में निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेकर उसकी त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान एसडीएम दर्शन कुमार ने अतिरिक्त मुख्य सचिव को जानकारी देते हुए बताया कि अंबाला जिले के समाधान शिविरों में अब तक कुल 4617 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 4189 शिकायतों का निपटान किया जा चुका है। वर्तमान में 295 शिकायतें लंबित हैं, जबकि 133 शिकायतें रिजेक्टेड श्रेणी में दर्ज की गई हैं।
एसडीएम ने कहा कि वीसी में दिए गए सभी निर्देशों की शत-प्रतिशत अनुपालना करवाई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके विभाग से संबंधित कोई भी शिकायत लंबित नहीं रहनी चाहिए और बेहतर समन्वय के साथ सभी मामलों का समाधान शीघ्रता से किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि समाधान शिविरों में आने वाली शिकायतों का निपटान निर्धारित समय सीमा के भीतर हर स्थिति में करवाना अनिवार्य है।
बैठक में नगराधीश अभिषेक गर्ग, डीडीपीओ दिनेश शर्मा, डीआरओ राजेश ख्यालिया, नगर निगम के कार्यकारी अभियंता सौरभ गोयल, जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ हरमिलाप सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
#ambala #news #energy-department #additional-chief-secretary #complaints-in-samadhan-camps