14/07/26

बहादुरगढ़ में दिल दहलाने वाली वारदात: ओमैक्स सिटी के फ्लैट में मिले पिता और दो मासूम बच्चों के शव, पहले बच्चों को मारा, फिर खुद फंदे पर लटका

बहादुरगढ़, 14 जुलाई (अन्‍नू): बहादुरगढ़ की ओमैक्स सिटी स्थित बीपीएल फ्लैट्स में मंगलवार सुबह एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ किराए के एक फ्लैट में एक ही परिवार के तीन सदस्यों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच और हालातों को देखकर अंदेशा लगाया जा रहा है कि पिता ने पहले अपने दो मासूम बच्चों की बेरहमी से हत्या की और उसके बाद खुद फंदा लगाकर जान दे दी।

कमरे में पड़े थे बच्चों के शव, फंदे पर लटका था पिता

मृतक की पहचान महेंद्रगढ़ जिले के खुडान गांव निवासी सुनील के रूप में हुई है। सुनील का परिवार बहादुरगढ़ के लाइनपार स्थित हरि नगर में रहता है, लेकिन वह खुद ओमैक्स सिटी के बीपीएल फ्लैट्स के फ्लैट नंबर 309 में किराए पर रह रहा था। वह ड्राइविंग करने के साथ-साथ प्रॉपर्टी डीलिंग का काम भी करता था।

मंगलवार सुबह जब काफी देर तक फ्लैट का दरवाजा नहीं खुला और भीतर से कोई हलचल सुनाई नहीं दी, तो पड़ोसियों को अनहोनी का शक हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जब दरवाजा खुलवाया गया तो अंदर का मंजर खौफनाक था। कमरे में सुनील के दो मासूम बच्चों के शव बेजान पड़े थे, जबकि खुद सुनील का शव फंदे से लटका हुआ था।

मायके गई थी पत्नी, भाइयों के घर से लौटा था सुनील

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, घटना के समय सुनील की पत्नी अपने मायके गई हुई थी। सोमवार को ही सुनील अपने भाइयों के घर गया था और वहां से यह कहकर फ्लैट पर वापस लौटा था कि उसकी पत्नी जल्द ही मायके से वापस आने वाली है। लेकिन पत्नी के लौटने से पहले ही कुछ ही घंटों के भीतर यह खौफनाक कदम उठा लिया गया, जिसने पूरे परिवार को उजाड़ कर रख दिया।

FSL की टीम ने खंगाला फ्लैट, सबूत जुटाए

इस तिहरे मौत के मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारी और फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। एफएसएल की टीम ने फ्लैट के कोने-कोने की बारीकी से जांच कर उंगलियों के निशान (फिंगरप्रिंट्स) और अन्य जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया है।

सभी पहलुओं पर जांच जारी, कारणों का खुलासा होना बाकी

थाना पुलिस का कहना है कि मामला बेहद संवेदनशील है। आत्महत्या और बच्चों की हत्या के पीछे क्या कारण रहे, इसका पता लगाने के लिए मृतक सुनील के मोबाइल की कॉल डिटेल (CDR), उसकी मानसिक स्थिति और पारिवारिक परिस्थितियों को खंगाला जा रहा है। पुलिस परिजनों और पड़ोसियों से भी पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों के विस्तृत बयान दर्ज होने के बाद ही मौत की असली वजह और घटनाक्रम की कड़ियों का साफ तौर पर खुलासा हो सकेगा।

#BahadurgarhNews #JhajjarCrime #SuicideCase #HaryanaNews #TripleDeath #OmaxeCity #CrimeUpdate #BreakingNews #DanikKhabar

Previous

वैकल्पिक स्रोत पर जाना आवश्यक, इसलिए प्रधानमंत्री सौर, वायु और हाइड्रोजन ऊर्जा को दे रहे प्रोत्साहन - ऊर्जा मंत्री अनिल विज

Next

बुजुर्गों के सपनों को लगे पंख : 'वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026' का शंखनाद- राजस्थान