फरीदाबाद में सरपंच के घर 30 हमलावरों ने बोला धावा, भाई को मारी गोली, सरपंच के सिर पर फरसे से वार
फरीदाबाद, 15 मार्च (अन्नू): हरियाणा के फरीदाबाद जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां चुनावी रंजिश और मामूली विवाद के चलते एक सरपंच के घर पर करीब 25 से 30 हमलावरों ने धावा बोल दिया। पृथला विधानसभा क्षेत्र के गांव जटोला में हुई इस हिंसक घटना में हमलावरों ने सरपंच गिर्राज के भाई संजय को दो गोलियां मार दीं, जबकि सरपंच के सिर पर फरसे और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया गया। वर्तमान में दोनों भाई फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।
इस खूनी संघर्ष की नींव 13 मार्च को पड़ी थी, जब सरपंच गिर्राज का बेटा घर लौट रहा था। रास्ते में अनिल नाम के एक युवक ने अपनी गाड़ी खड़ी कर रास्ता रोक रखा था, जिसे हटाने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी और हाथापाई हो गई। उस समय मामला शांत हो गया था, लेकिन आरोपियों ने अगले ही दिन बदला लेने की योजना बना ली। 14 मार्च की सुबह करीब साढ़े आठ बजे, जब परिवार के सदस्य घर पर ही मौजूद थे, तभी हथियारों से लैस भीड़ ने घर में घुसकर तांडव मचाना शुरू कर दिया।
घटना का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमलावर हाथों में पिस्तौल और लाठी-डंडे लेकर सरपंच के घर की ओर बढ़ते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में साफ तौर पर एक युवक को गोली चलाते हुए भी देखा जा सकता है। हमलावरों ने न केवल सरपंच और उनके भाई पर हमला किया, बल्कि घर में मौजूद अन्य सदस्यों में भी दहशत फैला दी। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे।
गदपुरी थाना प्रभारी अश्वनी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम घटनास्थल का मुआयना कर चुकी है। हालांकि, घायल होने के कारण अभी तक सरपंच की ओर से औपचारिक लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
#FaridabadCrime #HaryanaNews #SarpanchAttack #JatolaVillage #CCTVFootage #CrimeUpdate #LawAndOrder #FaridabadPolice #DanikKhabar #BreakingNews