अग्निशमन विभाग की हड़ताल का 20वां दिन: अब कर्मचारी शुरू करेंगे क्रमिक भूख हड़ताल
अंबाला, 28 अप्रैल (अन्नू): हरियाणा के अग्निशमन विभाग के नियमित और अनियमित कर्मचारियों की राज्यव्यापी हड़ताल सोमवार को 20वें दिन में प्रवेश कर गई है। अपनी मांगों को लेकर अडिग कर्मचारियों ने आंदोलन को और तेज करने के लिए नई रणनीति बनाई है। हड़ताल के अगले चरण के रूप में, कर्मचारी मंगलवार से प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक क्रमिक भूख हड़ताल शुरू करेंगे। अब तक राज्य के 103 दमकल केंद्रों के कर्मचारी अपनी व्यथा सुनाने के लिए प्रदेश के करीब 85 विधायकों को ज्ञापन सौंप चुके हैं।
मंत्री के दावों को नकारा, हकीकत से परे बताया
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल द्वारा विभाग का कार्य सुचारू रूप से चलने के दिए गए बयान पर कर्मचारी संघों ने कड़ा विरोध जताया है। सर्व कर्मचारी संघ के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री और अग्निशमन विभाग यूनियन के महासचिव गुलशन भारद्वाज ने मंत्री के दावों को जमीनी हकीकत से कोसों दूर बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे दावे जनता को गुमराह करने वाले हैं।
स्टाफ की कमी से जूझ रहा विभाग
यूनियन के पदाधिकारियों ने आंकड़ों के जरिए स्थिति की गंभीरता को उजागर किया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 103 केंद्रों पर कुल 3158 पद स्वीकृत हैं, जिनमें से वर्तमान में मात्र 568 कर्मचारी ही ड्यूटी कर रहे हैं, जबकि 1648 कर्मचारी हड़ताल पर हैं। भीषण गर्मी के इस दौर में राज्य भर में प्रतिदिन 30 से 40 आगजनी की घटनाएं सामने आ रही हैं, ऐसे में कर्मचारियों का कहना है कि स्टाफ की भारी कमी के चलते विभाग का सुचारू रूप से चलना संभव नहीं है।
#HaryanaNews #FireDepartmentStrike #Protest #Ambala #DanikKhabar #HaryanaGovernment #EmployeesStrike #PublicSafety #HungerStrike
Previous
Netflix की 'ग्लोरी' में दिखेगा हरियाणा के बॉक्सिंग का दम: करण अंशुमान ने जताया राजनारायण पंघाल का आभार
Next