2011 की जनगणना के अनुसार खरखौदा की कुल जनसंख्या 25,051 है: जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा
चंडीगढ़, 11 मार्च (अभी) - हरियाणा के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने विधानसभा में बताया कि खरखौदा में पेयजल आपूर्ति बढ़ाने के लिए 4 मिलियन लीटर प्रतिदिन (एमएलडी) क्षमता के अतिरिक्त जल उपचार संयंत्र के निर्माण तथा स्वीकृत कॉलोनियों में वितरण प्रणाली बिछाने के लिए 26.46 करोड़ रुपये की लागत की परियोजना को 23 अक्तूबर, 2023 को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। कार्य प्रगति पर है तथा 30 सितम्बर, 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा।
मंत्री खरखौदा विधायक श्री पवन खरखौदा के प्रश्न का उत्तर दे रहे थे।
मंत्री ने बताया कि 2011 की जनगणना के अनुसार खरखौदा की कुल जनसंख्या 25,051 है। वर्तमान में कस्बे में पेयजल आपूर्ति रोहतक रोड और दिल्ली रोड पर स्थित 2.27 एमएलडी और 4.54 एमएलडी क्षमता के दो नहर आधारित जल संयंत्रों तथा एक ट्यूबवेल से पूरी की जा रही है। कस्बे में वर्तमान पेयजल आपूर्ति की स्थिति 135 लीटर प्रति व्यक्ति प्रतिदिन है।
उन्होंने बताया कि शहर का लगभग 90% क्षेत्र पेयजल से जुड़ा है और 80% क्षेत्र सीवरेज सुविधाओं से युक्त है। वर्तमान में, शहर में 4.5 एमएलडी क्षमता का एक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) मौजूद है, जिसे एचएसपीसीबी द्वारा निर्धारित उपचारित अपशिष्ट के नवीनतम मानकों के अनुसार सीवेज को उपचारित करने के लिए अपग्रेड किया गया है।
उन्होंने बताया कि अटल शहरी परिवर्तन मिशन-2.0 (अमृत-2.0) के अंतर्गत 4 मिलियन लीटर प्रतिदिन (एमएलडी) क्षमता के अतिरिक्त जल उपचार संयंत्र के निर्माण और शेष स्वीकृत क्षेत्र में वितरण प्रणाली बिछाने के माध्यम से जलापूर्ति में वृद्धि के लिए 26.46 करोड़ रुपये की लागत की परियोजना को 23 अक्टूबर, 2023 को प्रशासनिक रूप से मंजूरी दे दी गई है।