मुर्शिदाबाद दौरे पर पहुंचे राज्यपाल, पीड़ितों से मुलाकात के बाद केंद्र को भेजेंगे रिपोर्ट
नई दिल्ली, 19 अप्रैल (अभी): पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस आज मुर्शिदाबाद पहुंचे और हिंसा पीड़ितों से मुलाकात की। राज्यपाल पीड़ितों से मुलाकात के बाद केंद्र सरकार को प्रदेश की कानून-व्यवस्था से जुड़ी रिपोर्ट भी भेजेंगे। राज्यपाल के अलावा राष्ट्रीय महिला आयोग की टीम भी आज मुर्शिदाबाद पहुंची है। हिंसा पीड़ितों से मुलाकात के बाद राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने कहा कि 'वे (पीड़ित) सुरक्षित महसूस करना चाहते हैं। पीड़ितों ने जो भी सुझाव या मांग की हैं, उन पर विचार किया जाएगा। मैं इस बारे में केंद्र सरकार को सूचित करूंगा ताकि उचित कार्रवाई की जा सके। मैंने लोगों को अपना फोन नंबर दिया है और उन्हें जरूरत पड़ने पर फोन करने को कहा है। हम संपर्क में बने रहेंगे।'
मुर्शिदाबाद दौरे पर राज्यपाल
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी वी आनंद बोस शनिवार को मुर्शिदाबाद जिले के शमशेरगंज के दंगा प्रभावित इलाकों के दौरे पर है। वे प्रभावित लोगों से बातचीत करेंगे। उन्होंने बताया कि बोस इसके बाद जिले के धुलियान, सुती और जंगीपुर में हिंसा प्रभावित अन्य इलाकों का दौरा करेंगे। 8 से 12 अप्रैल तक इन मुस्लिम बहुल इलाकों में वक्फ कानून के खिलाफ हुए प्रदर्शनों के दौरान हिंसा भड़क गई थी। इस हिंसा में कम से कम तीन लोगों की मौत हुई है। हिंसा के मामले में 274 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है।