हरियाणा विधानसभा में राज्यस्तरीय विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट कार्यक्रम आयोजित किया
चंडीगढ़, 31 मार्च (अभी): हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने सोमवार को नेहरू युवा केंद्र संगठन हरियाणा मंडल द्वारा हरियाणा विधानसभा में आयोजित राज्यस्तरीय विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट कार्यक्रम में शिरकत करने वाले युवक व युवतियों को संबोधित करते हुए कहा कि ससंद व विधानसभा को लोकतंत्र का मंदिर कहते हैं, जिसमें देश व प्रदेश के कानून बनाने के साथ-साथ नीतियां तय करने व विकास कार्यों का खाका तैयार किया जाता है। यहीं पर देश व प्रदेश के विकास कार्यों को मूर्त रूप देने के लिए बजट भी निर्धारित किया जाता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का एक देश, एक विधायिका का सपना है, जिसे पूरा करने का भरसक प्रयास किया जा रहा है। इस कड़ी में जल्द ही देश के अलावा हरियाणा प्रदेश के कोने-कोने में युवाओं, महिलाओं, पंचायतों व को-आपरेटिव सोसाइटी के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस मौके पर नेहरू युवा केंद्र हरियाणा के निदेशक डा. गुरमेल सिंह बाजवा ने विधानसभा के स्पीकर हरविंद्र कल्याण का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। कार्यक्रम में निमिशा सूर्यवंशी ने पहला स्थान हासिल किया। इसी तरह से भूमिका ने दूसरा और दक्षिता गुलिया ने तीसरा स्थान हासिल किया। इस मौके पर नेहरू युवा केंद्र हरियाणा के निदेशक डा. गुरमेल सिंह बाजवा ने बताया कि कार्यक्रम में प्रदेश के 87 युवक व युवतियों ने भागीदारी कर भारत के संविधान के 75 वर्ष-अधिकारियों का सफर, कर्तव्य एवं प्रगति-संविधान दिवस के 11 संकल्प पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने बताया कि पहले, दूसरे व तीसरे स्थान पर रहने वाली प्रतिभागी 2 से 3 अप्रैल को दिल्ली स्थित लोकसभा में होने वाले विकसित भारत युवा संसद में शिरकत करेंगे।