23/03/25

गुरुकुल शिक्षा सामाजिक एवं नैतिक मूल्यों की नींव : डॉ. अरविंद शर्मा

चंडीगढ़, 23 मार्च (अभी) - हरियाणा के सहकारिता, जेल, धरोहर एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि वैदिक शिक्षा की परंपरा के रूप में गुरुकुल सदैव से ही राष्ट्र व समाज को मजबूत बनाने वाले युवाओं को तैयार करने में महत्वपूर्ण योगदान देते रहे हैं। आज हमें गुरुकुल परंपरा को पूरा सम्मान देना होगा तथा युवाओं व अभिभावकों को इसे आत्मसात करने के लिए प्रेरित करना होगा।

मंत्री आज वैदिक ज्ञान योग महाविद्यालय गुरुकुलम, जुआं (सोनीपत) के 16वें वार्षिकोत्सव पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आर्य समाज ने स्वतंत्रता आंदोलन में बहुत बड़ा योगदान दिया है। इसने न केवल राष्ट्रवाद को प्राथमिकता दी बल्कि वैदिक काल की गुरुकुल पद्धति को भी निरंतर आगे बढ़ाने का काम किया।

उन्होंने कहा कि हमें गर्व है कि भारत में गुरुकुल प्रणाली ने छात्रों को ज्ञान के सभी क्षेत्रों से निरंतर जोड़ा है। इसी ज्ञान के बल पर हमारे युवाओं ने दुनिया में अपनी पहचान बनाई है।

उन्होंने कहा कि गुरुकुल शिक्षा युवाओं में नैतिक और सांस्कृतिक मूल्यों का संचार करती है। इसमें मानव विकास के लिए ऋषि परंपरा को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लॉर्ड मैकाले की शिक्षा पद्धति को बदलते हुए आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के माध्यम से युवाओं को रचनात्मक तरीके से परंपरा और विज्ञान से जुड़ने का अवसर दे रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा इस नीति का तेजी से क्रियान्वयन कर रहा है, जिसके कारण यह अन्य राज्यों के सामने एक उदाहरण बन गया है।

इस अवसर पर आचार्य वेदनीशीथ, स्वामी धर्मदेव, स्वामी सर्वानंद, गुरुकुलम के कुलपति मेजर सतपाल सिंधु, प्रोफेसर सुदेश और आचार्य वेदव्रत उपस्थित थे।

Previous

पंजाब में HRTC बसों पर फिर हमला, बसों के तोड़े शीशे, लिखे खालिस्तान

Next

हरियाणा की खेल नीति अन्य राज्यों के लिए आदर्श बन गई है: कृष्ण कुमार बेदी