ठंड व शीतलहर से बचाव के लिए सतर्कता व सावधानी बेहद आवश्यक- उपायुक्त अजय सिंह तोमर
चंडीगढ़, 11 जनवरी (अभी) : बढ़ती ठंड व शीतलहर के संभावित प्रभावों को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने आमजन से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, हरियाणा द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुरूप सावधानियां अपनाकर शीतलहर से होने वाले संभावित नुकसान से बचा जा सकता है।
उपायुक्त ने कहा कि अत्यधिक ठंड और शीतलहर के दौरान यथासंभव घर के भीतर ही रहें और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें। विशेष परिस्थितियों में बाहर जाते समय शरीर को पूरी तरह ढककर रखें। मौसम की ताजा जानकारी के लिए रेडियो, दूरदर्शन एवं अन्य विश्वसनीय मीडिया माध्यमों से लगातार जुड़े रहें।
उन्होंने बताया कि बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं तथा बीमार व्यक्तियों को ठंड से अधिक खतरा रहता है, इसलिए इनकी विशेष देखभाल आवश्यक है। साथ ही, अकेले रहने वाले बुजुर्गों और जरूरतमंद पड़ोसियों का हालचाल लेते रहना सामाजिक जिम्मेदारी है। आपात स्थिति के लिए आवश्यक दवाइयां, गर्म कपड़े और अन्य जरूरी सामग्री पहले से उपलब्ध रखें।
उपायुक्त ने कहा कि ठंड से बचाव के लिए हल्के लेकिन परतदार गर्म कपड़े पहनें। सिर, कान, गर्दन और पैरों को अच्छी तरह ढकना बहुत जरूरी है। गर्म टोपी, मोजे और जूते का उपयोग करें तथा ठंडी हवा से बचने के लिए मुंह और नाक को ढक कर रखें। उन्होंने यह भी कहा कि शरीर की गर्मी बनाए रखने के लिए गर्म पेय पदार्थों का सेवन करें और संतुलित व पौष्टिक आहार लें। यदि किसी व्यक्ति में अत्यधिक ठिठुरन, हाथ-पैर सुन्न होना, बोलने में कठिनाई, लगातार कांपना, सांस लेने में परेशानी या असामान्य थकावट जैसे लक्षण दिखाई दें, तो इसे नजरअंदाज न करें और तुरंत चिकित्सकीय सहायता प्राप्त करें। उन्होंनेे जिलावासियों से अपील की कि वे स्वयं भी सतर्क रहें और दूसरों को भी इस बारें जागरूक करें ताकि इससे स्वस्थ्य संबंधी किसी भी तरह की आपातस्थिति से बचा जा सकें।
#AmbalaWinterAlert #ColdWaveGuidelines #StaySafeStayWarm #AjaySinghTomar #HaryanaWeather #WinterAdvisory #HealthFirst #ColdWaveSafety #ProtectElderly #AmbalaNews #StayHydrated #WinterPrecautions #DisasterManagementHaryana #WinterHealthTips #SafeWinter2026 #WarmClothes #CommunityCare #HaryanaGovernance #EmergencyResponse #StayAlertStaySafe