29/04/25

गर्मी के मौसम में नागरिकों को पेयजल की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा: सामाजिक न्याय मंत्री कृष्ण कुमार बेदी

चंडीगढ़, 29 अप्रैल (अभी) - हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने नरवाना विधानसभा क्षेत्र के लोगों को आश्वस्त किया कि गर्मी के मौसम में किसी भी नागरिक को पानी की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा। यदि कोई समस्या आती है तो वे स्वयं अधिकारियों से मिलकर उसका समाधान करवाएंगे।

मंत्री नरवाना में पेयजल की समस्या के मद्देनजर संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने हरियाणा में नहरी पानी रोकने का फैसला किया है, जो पूरी तरह से गैरजिम्मेदाराना है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी इस मामले पर लगातार नजर रखे हुए हैं और जल्द ही इसका समाधान निकाल लिया जाएगा। पानी रोकने से नरवाना, बरवाला, नारनौंद, हांसी, हिसार और भिवानी समेत हरियाणा के कुछ शहरी क्षेत्रों में पेयजल की समस्या हो सकती है, लेकिन चिंता की कोई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और प्रशासन इस मामले में गंभीरता से लगे हुए हैं और लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि अधिकारी पानी का शेड्यूल बनाएं और समय-समय पर क्षेत्रवार पानी की आपूर्ति करते रहें ताकि शहर व गांवों में पानी की कमी न हो। इस संबंध में मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आदेश भी जारी कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य, पंचायत विभाग व लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को संबंधित क्षेत्रों में पानी के टैंकर भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं ताकि समस्या का अस्थाई समाधान हो सके। इसके अलावा, ढाकल हेड पर 24 घंटे पानी की आपूर्ति के लिए मोटरों की भी व्यवस्था की जाएगी, ताकि टैंक, टैंकर व पाइपों में पानी की निरंतर आपूर्ति हो सके।

उन्होंने कहा कि पेयजल की किल्लत को देखते हुए सीईओ जिला परिषद, एक्सईएन सिंचाई, जनस्वास्थ्य, लोक निर्माण विभाग और बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर योजना तैयार की गई है और नगर परिषद के सभी अधिकारी और उनका पूरा स्टाफ भी इसमें सहयोग करेगा। उन्होंने कहा कि कोई भी अधिकारी छुट्टी नहीं लेगा और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जब भी जरूरत होगी सभी अधिकारी मौजूद रहेंगे।

कैबिनेट मंत्री ने क्षेत्र के आम नागरिकों से अपील की कि वे गर्मी के मौसम में पानी की संभावित कमी को देखते हुए कुछ गैर-जरूरी काम इस समय स्थगित कर दें।

श्री कृष्ण कुमार बेदी ने नरवाना में अपने निवास पर जनसमस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को लोगों की समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति अपनी समस्या लेकर संबंधित विभाग में आता है तो वे उसकी बात ध्यान से सुनें तथा उसकी समस्या का तुरंत समाधान करें। यदि किसी समस्या के समाधान में कोई तकनीकी बाधा आती है तो वे संबंधित व्यक्ति को अवश्य बताएं। उन्होंने कहा कि वे किसी भी समस्या के समाधान के लिए हमेशा आम लोगों के साथ खड़े हैं।

Previous

राष्ट्रीय शिक्षा नीति युवाओं को उद्यमिता में कुशल बनाएगी : शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा

Next

ऊर्जा, परिवहन व श्रम मंत्री अनिल विज ने सैकड़ों लोगों को दिलाई शपथ, कहा “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो कार्रवाई करेंगे हमें उनपर भरोसा, देश उनके साथ खड़ा है”