20/07/25

हरियाली के संकल्प के साथ चलाया वृक्षारोपण अभियान, कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने किया नेतृत्व

चंडीगढ़, 20 जुलाई (अभी) - हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्री विपुल गोयल ने कहा कि प्रगति और प्रकृति के बीच संतुलन ही सतत विकास की असली पहचान है। इसी विचार को धरातल पर उतारते हुए रविवार सुबह फरीदाबाद के सेक्टर-9 बाईपास रोड स्थित ग्रीन जोन में एक विशेष वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत की।

 

उन्होंने कहा “यह अभियान कोई औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह हमारे सोच में आए उस सकारात्मक परिवर्तन का प्रमाण है, जहाँ हम केवल विकास की दौड़ में नहीं हैं, बल्कि अब हम सस्टेनेबल डेवलपमेंट यानी ‘प्रकृति और प्रगति’ दोनों का संतुलन चाहते हैं।”

उन्होंने कहा कि वातावरण को स्वच्छ, हरित और जीवनदायी बनाए रखने की दिशा में दीर्घकालिक जन-आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने की जरूरत है। ग्रीन जोन के रूप में चिह्नित इस क्षेत्र को एक मॉडल के तौर पर विकसित किया जा रहा है।

 

उन्होंने इस दिशा में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि “मोदी जी ने पर्यावरण संरक्षण को नीति-निर्माण का केंद्र बिंदु बनाया। ‘मिशन लाइफ (LiFE – Lifestyle for Environment)’ के माध्यम से उन्होंने हर नागरिक को यह प्रेरणा दी कि जब तक हम अपनी जीवनशैली को प्रकृति-अनुकूल नहीं बनाएंगे, तब तक वास्तविक पर्यावरण रक्षा संभव नहीं। ‘इंटरनेशनल सोलर अलायंस’ जैसी पहल के माध्यम से भारत ने वैश्विक नेतृत्व करते हुए सौर ऊर्जा को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया।”

 

विपुल गोयल ने आगे कहा कि भारत ने 450 गीगावाट रिन्यूएबल एनर्जी के उत्पादन का लक्ष्य तय किया है, जो आने वाले वर्षों में दुनिया को स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में भारत की प्रतिबद्धता का परिचायक होगा। इसी तरह 500 से अधिक अमृत सरोवरों का निर्माण और 75 शहरों में ग्रीन अर्बन मोबिलिटी योजना पर्यावरणीय नीति को जमीनी हकीकत में बदलने के उदाहरण हैं।

#haryana #bjp #goverment #india #danikkhabar #plantation #minister #development #news #greenery

Previous

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने देहरादून में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से की शिष्टाचार भेंट

Next

यूएचबीवीएन कार्यालय बलदेवनगर में 22 जुलाई को किया जाएगा बिजली अदालत का आयोजन