आज पूरी हो सकती है संभल की जामा मस्जिद की पुताई, 80 फीसदी से ज्यादा काम हुआ पूरा
उत्तर प्रदेश, 19 मार्च (अभी): संभल की जामा मस्जिद की पुताई का काम बुधवार शाम तक पूरा हो सकता है। मंगलवार को 15 से ज्यादा लोग लगाकर पुताई का काम कराया गया है। पुताई का काम पूरा होने के बाद सजावट की जाएगी।
जामा मस्जिद कमेटी के सदर जफर अली एडवोकेट ने कहा कि उच्च न्यायालय के आदेश पर यह पुताई काम चल रहा है। निगरानी एएसआई द्वारा की जा रही है।जामा मस्जिद कमेटी के सदर ने बताया कि मस्जिद के पिछले हिस्से का कुछ काम बाकी है।
बाकी हिस्से में काम मंगलवार को किया गया है। बुधवार तक पूरी तरह पुताई का काम पूरा हो जाएगा। इसके बाद सजावट होनी है। वहीं, दूसरी ओर मस्जिद के पिछले हिस्से में जहां पुताई लगभग पूरी हो चुकी है। वहां लाइट लगाकर सजावट भी की जाने लगी है।
मंगलवार की शाम मस्जिद हरी, लाल और नीली रंग से चमकती दिखाई दी। जामा मस्जिद कमेटी सदर ने कहा कि सजावट पूरी तरह पुताई के बाद की जाएगी। फिलहाल तो लाइट लगाने का काम भी शुरू करा दिया है।