हिसार में पत्नी की हत्या कर 4 महीने से फरार 50 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, कैमरामैन की सतर्कता से खुला राज
हिसार, 27 अगस्त (अभिकान्त) : हिसार के सेक्टर-13 स्थित संत नगर में घरेलू कलह के चलते पत्नी सोनिया की बेरहमी से हत्या करने के मामले में 4 महीने से फरार चल रहे 50 हजार रुपए के इनामी आरोपी सौरभ आनंद को सिविल लाइन थाना पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की 7 विशेष टीमों को लगातार चकमा दे रहा यह शातिर आरोपी पहचान उजागर होने के बाद पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
क्या था पूरा मामला और हत्या की वजह? मृतका सोनिया की शादी वर्ष 2016 में आरोपी सौरभ आनंद के साथ हुई थी। परिजनों के अनुसार, शादी के बाद से ही दोनों के बीच लगातार घरेलू क्लेश और विवाद चल रहा था। घटना से करीब तीन महीने पहले भी आरोपी ने सोनिया का गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया था। इसके बाद 30 अप्रैल 2026 को आरोपी अचानक घर से गायब हो गया था, जिसकी शिकायत सोनिया ने पुलिस में दर्ज कराई थी। हालांकि, शाम को वह वापस लौट आया था, लेकिन अगले ही दिन यानी 1 मई 2026 को सोनिया का शव घर के अंदर खून से लथपथ हालत में मिला, जिसके पास ही खून से सनी हुई प्रेस भी पड़ी थी। मृतका के भाई ने आरोप लगाया था कि इसी प्रेस से वार करके जीजा ने सोनिया की निर्मम हत्या की है।
4 महीने तक पुलिस को देता रहा चकमा वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पुलिस और कानून की गिरफ्त से बचने के लिए पूरी तरह से डिजिटल डिटॉक्स और अंडरग्राउंड मोड में चला गया था। अपनी पहचान छुपाने के लिए उसने अपना पूरा हुलिया बदल लिया था और तकनीकी सर्विलांस से पूरी तरह दूर रहा। फरारी के इन चार महीनों के दौरान आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के कुल 8 शहरों में शरण ली। वह लगातार रेवाड़ी, चंडीगढ़, अमृतसर, दिल्ली, उज्जैन, हरिद्वार, मथुरा और अयोध्या जैसे धार्मिक व प्रमुख शहरों में छिपता फिरता रहा। इस दौरान वह खाने और रहने के लिए मुख्य रूप से मंदिरों और गुरुद्वारों का इस्तेमाल करता था, जहां पहचान पत्र की गहन जांच से आसानी से बचा जा सकता था।
चाय की दुकान पर कैमरामैन की नजर से हुआ पर्दाफाश गिरफ्तारी से बचने की तमाम कोशिशें आखिरकार 26 अगस्त को नाकाम हो गईं। आरोपी भेष बदलकर हिसार के मॉडल टाउन इलाके के पास एक चाय की दुकान पर बैठा हुआ था। संयोगवश वहां से गुजर रहे एक कैमरामैन की नजर उस पर पड़ी। कैमरामैन पहले से आरोपी को अच्छी तरह जानता था, इसलिए उसने शक होने पर उसे उसके नाम से पुकारा। अपनी पहचान उजागर होते देख घबराकर आरोपी वहां से भागने लगा, लेकिन सतर्क कैमरामैन ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए पुलिस को इसकी सूचना दे दी। सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन प्रभारी पीएसआई कर्मजीत की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की और आरोपी को दबोच लिया। पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई को तेजी से पूरा किया जा सके।
#HisarNews #CrimeNews #HaryanaPolice #Arested #DomesticViolence #DanikKhabar #HaryanaCrime
Previous
कानपुर विमान हादसा: गंगा बैराज के पास विमान क्रैश, ट्रेनी और इंस्ट्रक्टर दोनों की मौत
Next