02/09/26

अंबाला: सिरसा महिला थाना ग्रेनेड हमला मामला; जांच के लिए अंबाला जेल पहुंची NIA की टीम

जे कुमार 2 सितम्बर 2026 अंबाला : हरियाणा के सिरसा स्थित महिला पुलिस स्टेशन पर हुए ग्रेनेड हमले के तार तलाश रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम ने अपनी जांच तेज कर दी है। मामले की कड़ियां जोड़ने के लिए एनआईए की टीम अंबाला केंद्रीय कारागार पहुंची, जहां उन्होंने पिछले काफी समय से जेल में बंद आरोपी गुरजंट सिंह से करीब दो घंटे तक गहन पूछताछ की।

जांच एजेंसी के अनुसार, मूल रूप से अमृतसर (पंजाब) का रहने वाला गुरजंट सिंह इस केस का महत्वपूर्ण लिंक है। आरोप है कि उसी ने सिरसा निवासी मुख्य आरोपी धीरज और उसके साथियों को हमले में इस्तेमाल किया गया हैंड ग्रेनेड उपलब्ध कराया था। गुरजंट के संबंध पाकिस्तान आधारित आतंकी/गैंगस्टर शहजाद भट्टी और उसके मॉड्यूल से होने की बात भी सामने आई है।

चार्जशीट में 9 आरोपी नामजद:

गौरतलब है कि नवंबर 2025 में सिरसा के महिला थाने पर रात के समय यह विस्फोटक हमला किया गया था। एनआईए ने इस मामले में पंचकूला की विशेष अदालत में चार्जशीट दाखिल की है, जिसमें 2 पाकिस्तानी हैंडलर्स (शहजाद भट्टी और सोहेल अहमद) समेत कुल 9 आरोपियों को नामजद किया गया है। जेल अधीक्षक के अनुसार, एनआईए टीम कानूनी प्रक्रिया पूरी कर वापस लौट गई है और मिले सुरागों के आधार पर नेटवर्क के अन्य मददगारों की तलाश जारी है।

#AmbalaNews #NIAProbe #SirsaGrenadeAttack #AmbalaJail #HaryanaNews #NationalSecurity #BreakingNews #AmbalaUpdates

Previous

आज 2 सितंबर का इतिहास

Next

जन्माष्टमी पर्व एवं शोभायात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने की व्यापक तैयारियां,4 सितंबर को जन्माष्टमी एवं 5 सितंबर को शाम 4 बजे निकलेगी शोभायात्रा : राजस्थान