चंडीगढ़ मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण: 1.38 लाख से अधिक मतदाताओं को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया आरंभ
चंडीगढ़ , 12 अगस्त (अभिकान्त) : चंडीगढ़ में मतदाता सूची को पूरी तरह सटीक और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से 'स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन' (SIR) अभियान के तहत बड़े पैमाने पर वेरिफिकेशन प्रक्रिया जारी है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों पर शहर के 1,38,070 मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाने हैं। इस अभियान का मुख्य मकसद डुप्लीकेट, स्थानांतरित, मृतक और अयोग्य मतदाताओं के नाम चिन्हित कर सूची को दुरुस्त करना है।
निर्वाचन विभाग के अनुसार, कुल 1,38,070 नोटिसों में से अब तक 93,193 मतदाताओं (लगभग 67.5%) तक नोटिस पहुंचाए जा चुके हैं। अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर जमीनी स्तर पर मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं। नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाताओं को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपने आवश्यक दस्तावेज जमा कराने होंगे, जिनके आधार पर मतदाता सूची में नाम बरकरार रखने या हटाने का निर्णय लिया जाएगा।
मामलों के त्वरित समाधान के लिए असिस्टेंट इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर्स (AERO) स्तर पर लगातार सुनवाई की जा रही है। अब तक 28,134 मामलों में सुनवाई की जा चुकी है, जिनमें से 20,343 मामलों का सफलतापूर्वक समाधान कर दिया गया है, जबकि 7,791 मामलों में जांच की प्रक्रिया अभी जारी है। अभियान के अगले चरण में शेष 44,877 मतदाताओं को भी जल्द ही नोटिस जारी किए जाएंगे।
निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान का उद्देश्य केवल अयोग्य नाम हटाना ही नहीं, बल्कि सभी योग्य मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करना भी है। अतः नोटिस मिलने पर मतदाता तय समय सीमा के भीतर अपने BLO या AERO के पास दस्तावेज अवश्य जमा कराएं, क्योंकि समय पर प्रतिक्रिया न देने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है। किसी भी प्रश्न, दस्तावेज जमा करने या स्टेटस जांचने के लिए मतदाता 1950 हेल्पलाइन, टोल-फ्री नंबर 1800-11-1950, Voter Helpline App, Voters' Service Portal या अपने क्षेत्र के BLO और AERO कार्यालय से सीधा संपर्क साध सकते हैं।
#ChandigarhNews #VoterListRevision #ElectionCommissionOfIndia #Danikkhabar #SIRCampaign #ChandigarhAdministration #VoterVerification #DemocraticRights
Previous
भारी बारिश और उफनती नदियों के बीच SDERF एवं होमगार्ड्स का व्यापक रेस्क्यू ऑपरेशन : मध्यप्रदेश
Next