12/03/25

अम्बाला शहर नगर निगम मेयर उपचुनाव के तहत भाजपा से शैलजा संदीप सचदेवा ने 20487 मतों से विजयी हासिल की

अम्बाला, 12 मार्च (अभी): रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम दर्शन कुमार ने औपचारिकताएं पूरी करते हुए नवनिर्वाचित मेयर शैलजा संदीप सचदेवा को विजयी प्रमाण पत्र सौंपा। इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री असीम गोयल नन्यौला, भाजपा जिला अध्यक्ष मनदीप राणा, शैलजा सचदेवा के पति एडवोकेट संदीप सचदेवा के साथ-साथ भाजपा पार्टी के अन्य पदाधिकारीगण मौजूद रहे।

रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम दर्शन कुमार ने बताया कि मेयर पद के मतगणना कार्य के तहत 14 राउंड हुए, जिसके तहत भाजपा से शैलजा संदीप सचदेवा को 40620 मत प्राप्त हुए और वह 20487 वोटों से विजयी घोषित हुई। जबकि उनकी प्रतिद्वंदी अमीषा चावला को 20133 मत प्राप्त हुए। उन्होने यह भी बताया कि चुनाव आयोग की हिदायतों की अनुपालना करते हुए सभी आवश्यक एवं पुख्ता प्रबंध किए गए थे। मतगणना प्रक्रिया के तहत सामान्य ऑब्जर्वर वीना हुड्डा व पुलिस ऑब्जर्वर आईजी मनीष चौधरी भी उपस्थित रहे।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने मेयर पद के तहत मतगणना कार्य का दौरा भी किया और यहां पर मतगणना से सम्बन्धित जो कार्य किए जा रहे थे उसका अवलोकन करते हुए सराहना भी की। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त ने चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न करवाने के तहत चुनाव डयूटी से जुड़े सभी कर्मचारियों व अधिकारियों का धन्यवाद किया।

पूर्व राज्यमंत्री असीम गोयल नन्यौला ने नवनिर्वाचित मेयर शैलजा संदीप सचदेवा को बधाई दी। इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए असीम गोयल नन्यौला ने कहा कि अम्बाला शहर में पहली बार भारतीय जनता पार्टी की ट्रिपल इंजन की सरकार बनी है। निश्चित रूप से विकास की बड़ी योजनाएं धरातल पर मूर्त रूप सहजता से ले पाएंगी। उन्होंने कहा कि विकास के मामले में एक नया रोड मैप अम्बाला में नजर आएगा।

नवनिर्वाचित मेयर शैलजा संदीप सचदेवा की जीत की जानकारी मिलते ही वहां पर भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पहुंचे और उन्होंने उन्हें जीत की बधाई दी। इस मौके पर भाजपा पदाधिकारी रितेश गोयल, गुरविन्द्र सिंह मानकपुर, अमन सूद, राकेश मेहता, बीनू गर्ग, सुंदर ढींगरा, मनीष आनंद मन्नी, शोभा पूनिया, रमेश मल, आशीष टक्कर, गुरप्रीत शाना, हितेष जैन, संजय लाकड़ा के साथ-साथ अन्य मौजूद रहे।

Previous

वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने उभरती सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए त्‍वरित क्षमता वृद्धि की आवश्यकता पर बल दिया

Next

थाना पडाव क्षेत्र से अवैध हथियार देसी कट्टा व जिन्दा रौंद रखने के मामले में आरोपी गिरफ्तार