प्रधानमंत्री ने पूर्व मंत्री के निधन पर लिखा शोक संदेश, दादरी विधायक बेटे को भेजा पत्र; लिखा-सांगवान के कार्यों को सदैव याद रखा जाएगा
चंडीगढ़, 05 मार्च (अभी): पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शोक जताया है। उन्होंने पूर्व मंत्री के बेटे विधायक सुनील सांगवान को सांत्वना पत्र भेजकर उनके पिता के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की है।
बता दें कि रविवार रात पूर्व सहकारिता एवं आवास मंत्री सतपाल सांगवान का निधन हो गया था। वो 27 सालों तक राजनीति में सक्रिय रहे। उन्होंने 6 विधानसभा चुनाव लड़े, जिनमें से दो में जीत दर्ज की। वो पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बंसीलाल की प्रेरणा से राजनीति में आए थे।
वहीं, पूर्व मंत्री के बेटे व विधायक सुनील सांगवान को भेजे शोक संदेश में प्रधानमंत्री ने लिखा कि आपके पिता सतपाल सांगवान के निधन के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं परिवार के साथ हैं। सरल स्वभाव के धनी सतपाल सांगवान ने सार्वजनिक जीवन में विभिन्न दायित्वों का कुशलता से निर्वहन किया। उनकी ओर से जरूरतमंद लोगों के लिए किए गए कार्याें को सदैव याद रखा जाएगा। उनका निधन समाज के लिए एक बड़ी क्षति है। वह परिवार के लिए आधार और प्रेरणास्रोत थे। आज वो संसार में नहीं हैं, लेकिन उनसे मिली शिक्षा और संस्कार परिवार का मार्गदर्शन करते रहेंगे।